भवानीपुर से एकतरफा जीतेंगी ममता बनर्जी, बीजेपी कैंडिडेट उतारकर ना करे पैसे बर्बाद- मदन मित्रा
कोलकाता, सितंबर 05। पश्चिम बंगाल में उपचुनाव की घोषणा कर दी गई है। राज्य में 30 सितंबर को उपचुनाव होंगे। ममता बनर्जी भवानीपुर सीट से ही विधानसभा का उपचुनाव लड़ेंगी। ममता बनर्जी के अलावा टीएमसी उम्मीदवार जाकिर हुसैन जंगीपुर और अमीरुल इस्लाम समसेरगंज सीटों से चुनाव लड़ेंगे। आपको बता दें कि चुनाव आयोग ने कोविड-19 की स्थिति को देखते हुए 31 अन्य सीटों पर होने वाले उपचुनाव को फिलहाल टाल दिया है।

'बीजेपी अपना उम्मीदवार उतारकर पैसे की बर्बादी ना करे'
ममता बनर्जी के भवानीपुर से चुनाव लड़ने की घोषणा के बाद टीएमसी नेता मदन मित्रा ने बीजेपी पर तंज कसा है। उन्होंने कहा है कि ममता दीदी भवानीपुर सीट से एकतरफा चुनाव जीतेंगी, इसलिए बीजेपी इस सीट पर अपना उम्मीदवार उतारकर समय और पैसे की बर्बादी ना करे। आपको बता दें कि पश्चिम बंगाल की तीन सीटों पर होने वाले उपचुनाव के लिए वोट 30 सितंबर को डाले जाएंगे, जबकि 3 अक्टूबर को नतीजे घोषित किए जाएंगे। बंगाल की भवानीपुर सीट टीएमसी के शोभंडेब चट्टोपाध्याय ने मई में खाली की थी।
भवानीपुर सीट है ममता की परंपरागत सीट
आपको बता दें कि भवानीपुर सीट ममता बनर्जी की परंपरागत सीट है। वो हमेशा यहीं से चुनाव लड़ी और जीती हैं, लेकिन 2021 विधानसभा चुनाव में उन्होंने भवानीपुर सीट छोड़ नंदीग्राम से चुनाव लड़ा था और वो हार गई थीं। नंदीग्राम में ममता ने शुभेंदु अधिकारी के खिलाफ चुनाव लड़ा था, जो टीएमसी छोड़ बीजेपी में शामिल हुए थे। ममता बनर्जी ने शुभेंदु को चुनौती देते हुए नंदीग्राम से चुनाव लड़ने का फैसला किया था।












Click it and Unblock the Notifications