EC के नोटिस पर भड़कीं ममता बनर्जी, पूछा- पीएम मोदी रोज हिंदू-मुस्लिम करते हैं, कितनी शिकायतें दर्ज हुईं?
कोलकाता: पश्चिम बंगाल में अभी तीन चरणों के लिए वोटिंग हुई है। अब 10 अप्रैल को चौथे चरण के तहत 44 सीटों पर मतदान किया जाएगा। वोटिंग से पहले बीजेपी और टीएमसी दोनों ही जमकर चुनावी जनसभा करने में लगे हुए हैं। दामजूर में कल यानी बुधवार को बीजेपी के दिग्गज नेता अमित शाह ने जहां रोड शो और रैली को संबोधित किया था। वहीं आज मुख्यमंत्री और टीएमसी मुखिया ममता बनर्जी ने चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए बीजेपी सहित चुनाव आयोग के नोटिस पर जमकर हमला बोला।
Recommended Video

दामजूर में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि मुझे खेद है कि मैंने गद्दार मीर जाफर ( बीजेपी उम्मीदवार राजीव बनर्जी) को इस निर्वाचन क्षेत्र से पिछले चुनाव में नामांकन दाखिल करने की अनुमति दी। जब वह सिंचाई मंत्री थे, तब मुझे एक शिकायत मिली थी, इसलिए मैंने उन्हें उस पद से हटा दिया और उन्हें वन मंत्री बना दिया। आपको बता दें कि दामजूर से बीजेपी प्रत्याशी पहले टीएमसी में कैबिनेट मंत्री थे।
चुनाव आयोग के नोटिस पर भड़की ममता
वहीं चुनाव आयोग के नोटिस के जवाब में ममता बनर्जी ने कहा कि यह शायद ही मायने रखता है, भले ही मेरे खिलाफ 10 कारण बताओ नोटिस जारी किए जाएं। मैं सभी को एकजुट होकर मतदान करने के लिए कह रही हूं, वोटों में कोई विभाजन नहीं होना चाहिए। वहीं पीएम मोदी पर हमला बोलते हुए ममता ने कहा कि नरेंद्र मोदी के खिलाफ कितनी शिकायतें दर्ज हुईं? वह हर दिन हिंदू-मुस्लिम करते हैं।
नंदीग्राम के मुसलमानों को पाकिस्तानी कहा था?
वहीं ममता ने कहा कि उन लोगों के खिलाफ कितनी शिकायतें दर्ज की गईं, जिन्होंने नंदीग्राम के मुसलमानों को पाकिस्तानी कहा था? क्या उन्हें शर्म नहीं आई? वे मेरे खिलाफ कुछ नहीं कर सकते। मैं हिंदुओं, मुसलमानों, सिखों, ईसाइयों और आदिवासियों के साथ हूं। आपको बता दें कि बंगाल में चुनावी रैली के दौरान ममता बनर्जी ने मुस्लिम समाज के लोगों से कहा था कि उनके वोट न बंटने पाएं और एकसाथ होकर टीएमसी के पक्ष में वोटिंग करे, जिसके बाद बीजेपी ने इसकी शिकायत चुनाव आयोग से की थी।












Click it and Unblock the Notifications