'पंचायत चुनाव तो पहले ही तमाशा बन गया था', हिंसा पर अधीर रंजन ने खोली ममता सरकार की पोल
पश्चिम बंगाल पंचायत चुनाव में हिंसा के बाद सियासत तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी के बाद अब ममता सरकार पर कांग्रेस भी हमलावर हो गई है। कांग्रेस के दिग्गज नेता और प्रदेश अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी ने तृणमूल सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। हिंसा को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव तो पहले ही तमाशा बन गया था। बंगाल के लोगों ने लोकतंत्र के माखौल का वीभत्स नाच देखा जिसकी पहले ही आशंका लग गई थी।
पंचायत चुनाव में 40 से अधिक लोगों की मौत हो गई थी
अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि हमारी आशंका के अनुसार, हिंसा, सत्तारूढ़ दल, पुलिस, चुनाव आयोग के बीच सांठगांठ और धमकी से खूनी खेल खेला गया है। अभूतपूर्व पैमाने पर हिंसा फैलाई गई है जिसके परिणामस्वरूप 40 से अधिक लोगों की मौत हो गई है। मतगणना के दौरान और बाद में भी हिंसा फैलाई गई। बंगाल में कानून व्यवस्था पूरी तरह से बिगड़ गई है।

बंगाल पंचायत चुनाव रिजल्ट का हाल
बता दें कि पश्चिम बंगाल में कुल 63,229 ग्राम पंचायत सीटें हैं। टीएमसी 42 हजार से ज्यादा सीटों पर विजय प्राप्त कर ली है। वहीं भाजपा ने दूसरा स्थान हासिल किया और 9223 सीटों पर बढ़त बनाई है। इसके अलावा टीएमसी 18 जिला परिषद पर भी जीत हासिल कर चुकी है। राज्य में कुल 928 जिला परिषद सीटें हैं। टीएमसी इनमें से 764 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। पंचायत समिति की 9730 सीटें हैं। टीएमसी अब तक 5898 सीटों पर आगे है या जीत चुकी है। वहीं बीजेपी 706 पंचायत समिति सीटों पर आगे बढ़ चुकी है।
बंगाल में बंद हो पंचायत चुनाव
पंचायत चुनाव और नगर पालिका चुनाव के लिए बंगाल जैसे राज्य योग्य है ही नहीं यह चुनाव बंद होना चाहिए क्योंकि इससे कम से कम लोगों की जान तो बचेगी।












Click it and Unblock the Notifications