पंजाब की जीत से उत्साहित AAP ने पश्चिम बंगाल में चुनाव लड़ने का किया ऐलान, अभी से तैयारी की शुरू
कोलकाता, मार्च 14। पंजाब विधानसभा चुनाव में शानदार जीत दर्ज करने वाली आम आदमी पार्टी अब पश्चिम बंगाल में चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। बंगाल में आप के प्रभारी संजय बसु ने ये ऐलान किया है कि उनकी पार्टी अगले साल होने वाले पंचायत के चुनाव में उतरेगी। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी पश्चिम बंगाल में 2023 में होने वाले पंचायत चुनाव लड़ेगी। पार्टी आलाकमान के निर्देश पर इसका अभियान शुरू भी कर दिया गया है। संजय बसु ने बताया कि 13 मार्च को कोलकात में पार्टी ने एक रैली भी की थी।

पंजाब में आप को मिली है ऐतिहासिक जीत
आपको बता दें कि आम आदमी पार्टी इस वक्त अपने विस्तार पर अधिक ध्यान केंद्रित कर रही है। दिल्ली में सत्ता पर काबिज आम आदमी पार्टी ने पंजाब के साथ-साथ यूपी, उत्तराखंड और गोवा में भी चुनाव लड़ा था। हालांकि पंजाब को छोड़ किसी भी राज्य में पार्टी का अभी कोई वजूद ही नहीं है, लेकिन पंजाब में आप ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। पंजाब में पार्टी ने 117 में से 92 सीटें जीती हैं और 42 फीसदी से अधिक पार्टी का वोट शेयर है।
इन राज्यों में चुनाव लड़ेगी पार्टी
पंजाब की जीत से उत्साहित आम आदमी पार्टी अब अन्य राज्यों में भी अपने विस्तार पर ध्यान दे रही है। बंगाल में पंचायत चुनाव के अलावा पार्टी महाराष्ट्र, हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश, हरियाणा और राजस्थान में भी विधानसभा चुनाव की तैयारी कर रही है। महाराष्ट्र में बीएमसी का चुनाव अगले कुछ महीनों में होगा, जिसे आम आदमी पार्टी लड़ेगी।
पंजाब की जीत का महाराष्ट्र में मना जश्न
महाराष्ट्र में आम आदमी पार्टी ने बीएमसी चुनाव की तैयारी शुरू भी कर दी है। रविवार को पंजाब की जीत का जश्न मनाने के लिए पश्चिमी उपनगर चकला से दादर में चैत्यभूमि तक लगभग 18 किलोमीटर का एक रोड शो निकाला गया। आप नेता प्रीति शर्मा मेनन, जो बीएमसी चुनाव के लिए पार्टी की प्रभारी हैं, उन्होंने बताया कि यह विजय मार्च बीएमसी चुनाव लड़ने और बीएमसी के कामकाज में बदलाव की शुरुआत करने के हमारे इरादे का संकेत देगा।












Click it and Unblock the Notifications