पश्चिम बंगाल में रेल हादसा, सिकंदराबाद-शालीमार एक्सप्रेस के 3 डिब्बे पटरी से उतरे
पश्चिम बगाल के हावड़ा में रेल हादसा सामने आया है, यहां सिंकदराबाद शालीमार एसएफ एक्सप्रेस ट्रेन के तीन डिब्बे पटरी से उतर गए हैं। यह हादसा नालपुर स्टेशन के पास हुआ है। अच्छी बात यह है कि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ है और ना ही कोई जख्मी हुआ है। हादसा सुबह 5.30 बजे कोलकाता से तकरीबन 40 किलोमीटर दूर नालपुर में हुआ है।
अधिकारियों ने बताया कि यह ट्रेन 22850 सिकंदराबाद शालीमार एक्सप्रेस हफ्ते में एक दिन चलती है। ट्रेन जब खड़गपुर डिवीजन के नालपुर स्टेशन से गुजर रही थी, इसी समय हादसे का शिकार हो गई। जानकारी के अनुसार ट्रेन का एक डिब्बा पार्सल वैन का है जबकि दो यात्री कोच हैं जो पटरी से उतर गए हैं।

पूर्व के रेल हादसे
बता दें कि इससे पहले 11 अक्टूबर 2024 को मैसूर-दरभंगा एक्सप्रेस एक खड़ी मालगाड़ी से टकरा गई, जिससे बागमती एक्सप्रेस के 13 डिब्बे पटरी से उतर गए। यह टक्कर चेन्नई से लगभग 41 किलोमीटर दूर, कावराईपेट्टई रेलवे स्टेशन के पास रात 8.30 बजे हुई।
पोन्नेरी स्टेशन के बाद हरी झंडी मिलने के बाद बागमती एक्सप्रेस अप्रत्याशित रूप से मुख्य लाइन से लूप लाइन पर चली गई, जहाँ यह पहले से मौजूद मालगाड़ी से टकरा गई। इस दुर्घटना में 19 लोग घायल हुए थे।
वहीं 18 जुलाई 2024 को एक और दुखद घटना में, उत्तर प्रदेश में डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस पटरी से उतर गई, जिसके परिणामस्वरूप तीन लोगों की मौत हो गई। दोपहर 2:37 बजे झिलाही रेलवे स्टेशन और गोसाई दिहवा के बीच हुई इस घटना में कुल 21 डिब्बे पटरी से उतर गए, जिनमें पांच एसी डिब्बे शामिल थे।
इनमें से तीन डिब्बे पलट गए, जिससे 25 यात्री घायल हो गए, जिनमें से दो के पैर में गंभीर चोटें आईं। ज़्यादातर घायल एसी डिब्बों से थे। घटना के बाद, बचे हुए लोगों ने मलबे से बचने के लिए खिड़कियां तोड़ दीं।
16 अगस्त 2024 को साबरमती एक्सप्रेस कानपुर, उत्तर प्रदेश के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। वाराणसी से अहमदाबाद जा रही यह ट्रेन कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन से 11 किलोमीटर दूर पटरी से उतर गई। 22 डिब्बों के पटरी से उतरने के बावजूद, चमत्कारिक रूप से कोई जानमाल की हानि नहीं हुई। हालांकि कुछ यात्री घायल हो गए।












Click it and Unblock the Notifications