Varanasi Weather: वाराणसी में कहीं मूसलाधार तो कहीं हल्की बूंदाबांदी, मौसम हुआ सुहाना, किसानों के चेहरे खिले
Varanasi Weather: वाराणसी में पिछले दो दिनों से मौसम काफी सुहाना बना हुआ है। मंगलवार को सुबह से ही वाराणसी के कई इलाकों में बारिश हो रही है। कुछ इलाकों में तेज बारिश तो कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हो रही है। बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली है और किसानों के चेहरे भी खिल उठे हैं।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले दो से तीन दिनों तक वाराणसी और आसपास के जिलों में मौसम इसी तरह बना रहने की संभावना है। कुछ इलाकों में मूसलाधार बारिश की भी संभावना है। आईएमडी की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, वाराणसी में 29 सितंबर तक मौसम ऐसा ही रहेगा।

मंगलवार को सुबह में वाराणसी का न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस और मैक्सिमम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं वाराणसी समेत आसपास के इलाकों में लगातार बरसात होने के चलते वाराणसी में गंगा नदी का जलस्तर में भी वृद्धि देखने को मिल रही है।
किसानों के लिए वरदान है यह बरसात
इस बारे में वाराणसी के चांदपट्टी गांव के रहने वाले किसान लालमणि पटेल द्वारा बताया गया कि बीते दिनों धूप होने के चलते धान की फसल सूख रही थी। सबमर्सिबल से धान की फसल की सिंचाई मुश्किल थी ऐसे में किसान भाई काफी परेशान थे। उन्होंने यह भी बताया कि यह बरसात धान की फसल के लिए वरदान साबित होगी।
हालांकि लालमणि पटेल द्वारा यह भी कहा गया कि धान की फसल के लिए यह बरसात जितना फायदेमंद है उतना ही सब्जियों के लिए नुकसानदायक भी है। लगातार बरसात होने के चलते सब्जियों की पैदावार कम हो जाएगी और सब्जियां खराब होने लगेंगी ऐसे में सब्जियों के दाम में भी उछाल देखने को मिल सकता है।
इधर गंगा नदी के जलस्तर में एक बार फिर वृद्धि देखने को मिल रही है। चार दिनों तक धीरे-धीरे गंगा का जलस्तर घट रहा था लेकिन मंगलवार को जलस्तर में प्रति घंटे 1 सेंटीमीटर की बढ़ोतरी दर्ज की गई। सोमवार को जलस्तर 65.16 मीटर दर्ज किया गया था। अधिकारियों ने बताया कि रविवार को गंगा का जलस्तर सामान्य रहा लेकिन सोमवार से बढ़त देखी जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications