Varanasi Tourism: काशी में आतिथ्य की नई शुरुआत, होटल और होमस्टे मालिकों को दी गई प्रोफेशनल ट्रेनिंग
Varanasi Tourism: काशी आने वाले पर्यटकों को अब और बेहतर आतिथ्य मिलेगा। गुरुवार को शहर में आयोजित विशेष कार्यक्रम में करीब 500 होटल और होमस्टे संचालकों को पेशेवर प्रशिक्षण दिया गया। यह पहल केंद्र पर्यटन मंत्रालय उत्तर प्रदेश पर्यटन और जिला प्रशासन ने मिलकर की।
इस प्रशिक्षण में ताज व रेडिसन और हिल्टन जैसी वैश्विक होटल श्रृंखलाएं तथा मेक माई ट्रिप, एयरबीएनबी और अगोडा जैसी ऑनलाइन कंपनियां भी शामिल हुईं। पर्यटकों को बेहतर अनुभव दिलाने का उद्देश्य था ताकि वे दोबारा वाराणसी आने को प्रेरित हों।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश सरकार के मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु और पूर्व मंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी मौजूद रहे। दोनों ने पर्यटन क्षेत्र को मजबूत करने में आतिथ्य उद्योग की अहम भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला।
संस्कृति और परंपरा से जुड़ा संदेश
डॉ. नीलकंठ तिवारी ने कहा कि वाराणसी का असली आकर्षण केवल घाटों और मंदिरों तक सीमित नहीं है। यहां आने वाले हर यात्री को शहर की संस्कृति, अध्यात्म और कहानियों से जोड़ना जरूरी है। यही अनुभव उन्हें जीवनभर याद रहते हैं।
उन्होंने कहा कि होटल और होमस्टे मालिकों की जिम्मेदारी है कि मेहमानों को काशी के प्रामाणिक आतिथ्य का अनुभव कराया जाए। इसके लिए स्वच्छता, स्वास्थ्य और सेवा के मानकों का पालन करना अनिवार्य है।
विकास कार्यों से बढ़ा शहर का आकर्षण
मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ने बताया कि काशी विश्व का सबसे प्राचीन जीवित शहर है। यहां "अतिथि देवो भव" की परंपरा गहराई से जुड़ी हुई है। आज आधुनिक सुविधाओं ने इसे वैश्विक स्तर पर और खास बना दिया है।
उन्होंने कहा कि विश्वनाथ कॉरिडोर, चौड़ी सड़कों, नए फ्लाईओवर, एयरपोर्ट विस्तार और वंदे भारत ट्रेन जैसी योजनाओं से शहर का कायाकल्प हुआ है। अब जिम्मेदारी है कि आतिथ्य सेवाएं भी अंतरराष्ट्रीय स्तर की हों।
प्रशिक्षण में क्या-क्या सिखाया गया
लखनऊ स्थित इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट ने इस अवसर के लिए विशेष मॉड्यूल तैयार किया। इसमें अतिथि संबंध, कमरे की सुविधाएं, साफ-सफाई और ग्राहक संतुष्टि जैसे विषय शामिल थे। संचालकों को इन सभी पहलुओं पर विस्तार से प्रशिक्षित किया गया।
साथ ही ऑनलाइन प्लेटफॉर्म मेक माई ट्रिप और एयरबीएनबी ने मालिकों को डिजिटल उपस्थिति मजबूत करने के उपाय बताए। इनमें आकर्षक तस्वीरें अपलोड करना, सुविधाओं की स्पष्ट जानकारी देना और समीक्षाओं को सही ढंग से प्रबंधित करना शामिल रहा।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को प्रशिक्षण प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। साथ ही स्वच्छता और उच्चस्तरीय सेवा देने की शपथ भी दिलाई गई। अधिकारियों ने कहा कि यह कदम काशी के पर्यटन अनुभव को नई दिशा देगा। इस अवसर पर पर्यटन विभाग, जिला प्रशासन और होटल उद्योग से जुड़े कई प्रतिनिधि मौजूद रहे।












Click it and Unblock the Notifications