Varanasi: राहगीरों के सामने मैनहोल में समा गया अधेड़, बाहर निकालने से पहले हुई मौत, लोगों में गुस्सा
Varanasi News: वाराणसी के लहरतारा बौलिया मार्ग पर खुले मैनहोल में गिरने से सोमवार देर शाम एक अधेड़ की मौत हो गई। रात तक अधेड़ की पहचान नहीं हो सकी हालांकि घटना के बाद स्थानीय लोगों द्वारा काफी नाराजगी प्रकट की गई। लोगों ने कार्यदायी संस्था और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग की।
स्थानीय लोगों द्वारा बताया गया कि पिछले माह निर्माण कार्य करते समय कर्मचारियों द्वारा मैनहोल का ढक्कन हटाया गया था, उसके बाद इस तरह खुला छोड़ दिया गया। किसी प्रकार का कोई हादसा ना हो इसे ध्यान में रखते हुए स्थानीय लोगों द्वारा मैनहोल में लकड़ी डाल दी गई थी।

दरअसल, सोमवार शाम लहरतारा बौलिया मार्ग पर भीटारी गांव के समीप सड़क पर खुले मैनहोल में अचानक एक अधेड़ व्यक्ति गिर गया। उस समय वहां से राजगीर गुजर रहे थे। मैनहोल में अधेड़ को गिरता देख लोग वहां एकत्र हो गए लेकिन गंदे पानी में उतरकर अधेड़ को निकालने की किसी की हिम्मत नहीं हुई।
इसी दौरान वहां मौजूद चंदन नामक एक युवक पहुंचा और साहस दिखाते हुए जान जोखिम में डालकर मैनहोल में उतरा और औंधे मुंह गिरे हुए अधेड़ को मैनहोल से बाहर निकाला। मैनहोल में बाहर निकालने के बाद पता चला कि अधेड़ की मौत हो चुकी है। मैनहोल में गिरकर अधेड़ की मौत होने की सूचना मिलने के बाद स्थानीय लोग वहां पहुंच गए।
स्थानीय लोगों द्वारा नाराजगी प्रकट करते हुए सिक्सलेन निर्माण कर रही कार्यदायी संस्था, पीडब्ल्यूडी और नगर निगम के जिम्मेदार अधिकारियों को दोषी बताया गया। इस दौरान लोगों द्वारा इन सभी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस द्वारा स्थानीय लोगों को काफी देर तक समझाया गया लेकिन स्थानीय लोग नहीं माने। बाद में मंडुआडीह थाना प्रभारी विमल मिश्रा द्वारा किसी तरह लोगों को समझ कर शांत कराया गया। उन्होंने यह भी कहा कि यदि जनता द्वारा तहरीर दी जाती है तो संबंधित विभाग और जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications