UP Nikay Chunav 2023: एक पिता के 48 बच्चे, सोशल मीडिया पर वायरल हो रही वोटर लिस्ट, जानें पूरा मामला
यूपी निकाय चुनाव के दौरान वाराणसी जिले से एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर एक वोटर लिस्ट वायरल हो रही है जिसमें एक व्यक्ति को 48 लोगों का पिता बताया गया है। हालांकि यह किसी मठ की वोटर लिस्ट बताई जा रही है।

UP Nikay Chunav 2023: उत्तर प्रदेश के वाराणसी जनपद में निकाय चुनाव के दौरान एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। एक ऐसी वोटर लिस्ट सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है जिसमें 48 लोगों को एक ही घर का निवासी बताया गया है और सभी लोगों का पिता भी एक ही है।
सोशल मीडिया पर वोटर लिस्ट वायरल होने के बाद लोगों द्वारा तरह तरह के कमेंट किए जा रहे हैं। कुछ लोगों का कहना है कि बीएलओ के साथ ही अन्य अधिकारियों द्वारा बड़ी लापरवाही की गई है, जिसके चलते एक ही व्यक्ति को 48 बच्चों का पिता बना दिया गया।
वहीं वायरल हो रहे लिस्ट को देखने से पता चलता है कि कई ऐसे बेटे हैं, जिनकी उम्र अपने पिता की उम्र से लगभग दोगुनी के बराबर है। इसके अलावा कई ऐसे पुत्र भी हैं जिनका उम्र उनके पिता की उम्र के बराबर है।
यह वोटर लिस्ट सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कुछ लोगों द्वारा यह भी कहा जा रहा है कि मठ में रहने वाले लोगों के पिता उनके गुरु को ही लिखा जाता है। कहा जा रहा है कि लिस्ट मठ की है और ऐसे में सभी के पिता के नाम में गुरु का ही नाम लिखा गया है।
इसके अलावा स्टेट इलेक्शन कमीशन उत्तर प्रदेश की वेबसाइट पर जब वोटर लिस्ट को सर्च किया गया तो वहां भी यह लिस्ट दिखाई दी। इस बारे में अधिकतर लाेगों का यही कहना है कि यह वोटर लिस्ट किसी आश्रम के बटुक ही होंगे।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है वोटर लिस्ट वाराणसी भेलूपुर संकुलधारा स्थित वार्ड नंबर 51 की बताई जा रही है। हालांकि सोशल मीडिया पर वायरल हो रही इस वोटर लिस्ट को लेकर अभी तक जिले के अधिकारियों द्वारा किसी प्रकार की प्रतिक्रिया नहीं दी गई है।
किसी दूसरे ने डाल दिया वोट: वाराणसी जिले के भगवानपुर में स्थित सनबीम स्कूल में मतदान करने के लिए पहुंची महिला सरिता सिंह ने बताया कि उन्होंने मतदान नहीं किया था जब यह मतदान कक्ष में पहुंची तो उन्हें बताया गया कि पहले से ही उनका वोट डाला जा चुका है।
ऐसे में पहले वोट पड़ जाने के चलते महिला काफी परेशान नजर आई। इसके अलावा वाराणसी जिले में अलग-अलग मतदान बूथ पर मतदाताओं के नाम कटे होने के चलते कई जगह कहासुनी भी हुई। वोटरों का कहना है कि बीएलओ द्वारा खासी लापरवाही बरती गई है।
शहर से अधिक गांव में डाले जा रहे वोट: वाराणसी में शहरी वोटरों की अपेक्षा ग्रामीण वोटर मतदान करने में अधिक रूचि दिखा रहे हैं। यही कारण है कि वाराणसी नगर निगम इलाके में शाम पांच बजे तक 38.73 फ़ीसदी मत डाले गए जबकि गंगापुर नगर पंचायत के लिए तीन बजे तक 76.06 फ़ीसदी वोट पड़ चुके थे।












Click it and Unblock the Notifications