UP News: वाराणसी में होमगार्ड की हरकतें कैमरे में कैद, महिलाओं और लड़कियों को गलत तरीके से छूता दिखा
UP News: वाराणसी में एक होमगार्ड द्वारा महिलाओं और लड़कियों को गलत तरीके से छूने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि यह घटना गोदौलिया से दशाश्वमेध मार्ग के बीच की है।
वीडियो के अंत में वह सड़क पर चल रही एक लड़की को भी अनुचित तरीके से छूते हुए दिख रहा है। हालांकि, प्रशासन ने अभी तक वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं की है। इस घटना को लेकर पुलिस ने संज्ञान लिया है और जांच शुरू कर दी गई है।

सोशल मीडिया पर वायरल हुए दो मिनट 26 सेकंड के इस वीडियो को देखकर लोग कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। वीडियो में दिख रहा है कि एक होमगार्ड जानबूझकर महिलाओं और युवतियों को गलत तरीके से छू रहा है।
शुक्रवार रात वीडियो सामने आते ही वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस हरकत में आ गई और आरोपी होमगार्ड की पहचान के प्रयास शुरू कर दिए गए हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस मामले में उचित कार्रवाई की जाएगी।
DCP बोले- की जा रही जांच
इस मामले पर वाराणसी के एडीसीपी (काशी जोन) सरवणन टी. ने बताया कि वायरल वीडियो को गंभीरता से लिया गया है। शुरुआती जांच में यह स्पष्ट नहीं हो सका कि वीडियो हाल ही का है या फिर पुराना है।
उन्होंने बताया कि इन दिनों महाकुंभ के श्रद्धालुओं की भीड़ के चलते गोदौलिया से दशाश्वमेध मार्ग पर चार पहिया वाहनों का आवागमन बंद है, जबकि वायरल वीडियो में एक चार पहिया वाहन दिख रहा है। इससे आशंका है कि यह वीडियो पुराना है।
आरोपी होमगार्ड पर होगी सख्त कार्रवाई
प्रशासन की ओर से कहा गया है कि यदि वीडियो सही पाया जाता है तो आरोपी होमगार्ड पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारी मामले की छानबीन कर रहे हैं और जल्द ही दोषी की पहचान कर उसे दंडित किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications