UP News: वाराणसी-गाजीपुर हाईवे पर टोल प्लाजा पर कार में लगी आग, चालक ने कूदकर बचाई जान
UP News: वाराणसी-गाजीपुर हाईवे पर कैथी में स्थित टोल प्लाजा पर मंगलवार को टोल से गुजरती एक कार में अचानक आग लग गई। गनीमत रही कि कार का ड्राइवर समय रहते गाड़ी से कूद गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
हादसे के दौरान कार में आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में गाड़ी पूरी तरह जलकर खाक हो गई। आग की लपटें और धुएं का गुबार टोल प्लाजा के आसपास काफी दूर तक दिखाई दिया। टोल पर मौजूद कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया।

आग लगने के बाद हाईवे पर टोल प्लाजा के पास अफरा-तफरी मच गई। टोल पर काम करने वाले कर्मचारी और वहां से गुजरने वाले वाहन चालक भी डर गए। स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। इस दौरान कुछ लोग आग बुझाने में जुट गए तो कुछ लोग वीडियो बनाने लगे।
आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं
टोल पर कार में आग लगने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि कार धू-धूकर जल रही है। हालांकि, अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि कार में आग कैसे लगी। हालांकि, शॉर्ट सर्किट की आग लगने की आशंका जताई जा रही है।
हादसे में किसी प्रकार की जान-माल की हानि नहीं हुई है। कार का ड्राइवर समय रहते बाहर निकल गया, जिससे उसकी जान बच गई। कार में कोई अन्य सवार नहीं था। सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची और जांच की।
कार सवार जा रहे थे गाजीपुर
बताया जा रहा है कि कार गाजीपुर जिले के दिलदारनगर थाना क्षेत्र के रहने वाले दिनेश्वर सिंह की थी। दिनेश्वर सोमवार देर रात में लखनऊ से वाराणसी आए थे। वाराणसी में रात में रुकने के बाद मंगलवार दोपहर में वे अपने घर गाजीपुर जा रहे थे।
उन्होंने बताया कि टोल पर रुकने के बाद गाड़ी के इंजन से धुंआ उठता दिखाई दिया। धुआं देखकर दिनेश्वर सिंह गाड़ी से उतर गए। हालांकि, उन्होंने गाड़ी में रखा सामान उतारने का प्रयास किया लेकिन तबतक आग विकराल रुप धारण कर ली थी। आग लगने के चलते टोल के किनारे लगे केबिन भी जल गए। जिससे टोल संचालन करने वाली कंपनी को भी नुकसान हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications