UP ATS की बड़ी कार्रवाई, पाकिस्तान के लिए जासूसी कर रहा तुफैल वाराणसी में गिरफ्तार, पूछताछ जारी
UP ATS Varanasi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी शहर में गुरुवार को एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जब यूपी एटीएस ने आदमपुर इलाके से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। यह व्यक्ति पाकिस्तान समर्थित संगठन से जुड़कर देश विरोधी गतिविधियों को अंजाम दे रहा था।
उसका नाम मोहम्मद तुफैल बताया जा रहा है जो जैतपुरा थाना क्षेत्र के दोषीपुरा का निवासी है। यह मामला जानकारी में आने और गिरफ्तारी के बाद इलाके में हड़कंप मचा हुआ है और आरोपी से पूछताछ और आवश्यक कार्रवाई जारी है।

जानकारी के अनुसार, तुफैल मोबाइल एप्स और व्हाट्सऐप ग्रुप्स के माध्यम से पाकिस्तान के आतंक समर्थित संगठनों से जुड़ा था। वह भारत के संवेदनशील इलाकों की जानकारी और तस्वीरें पाकिस्तानी नंबरों पर भेज रहा था। पकड़े जाने के बाद उसके पास से मोबाइल और सिम कार्ड बरामद किए गए हैं।
एटीएस की टीम ने तुफैल को लगातार निगरानी में रखा और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से उसकी गतिविधियों को ट्रैक किया। गिरफ्तार करने के बाद उससे पूछताछ में कई अहम खुलासे हुए हैं। अब उसे लखनऊ स्थित एटीएस थाने में ट्रांजिट रिमांड पर ले जाया गया है।
पाकिस्तान समर्थित ग्रुप से जुड़ा था आरोपी
यूपी एटीएस के अनुसार, तुफैल व्हाट्सऐप जैसे माध्यमों से पाकिस्तान के "गजवा-ए-हिंद" विचारधारा को बढ़ावा देने वाले ग्रुप्स से जुड़ा हुआ था। वह बाबरी मस्जिद के नाम पर उकसाने वाले संदेशों के साथ भारत में शरीयत लागू करने की बातें भी साझा कर रहा था।
पकड़े जाने के बाद तुफैल ने कबूल किया कि वह पाकिस्तान के प्रतिबंधित संगठन तहरीक-ए-लब्बैक से प्रभावित है। उसने संगठन के नेता मौलाना शाद रिजवी के वीडियो भी अलग-अलग सोशल मीडिया ग्रुप में भेजे थे।
संवेदनशील स्थलों की जानकारी भेजा था पाकिस्तान
पूछताछ में खुलासा हुआ कि तुफैल ने वाराणसी के कई धार्मिक और सुरक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों की जानकारी पाकिस्तान में मौजूद लोगों को दी थी। इनमें काशी विश्वनाथ, ज्ञानवापी, राजघाट, नमोघाट, लाल किला और जामा मस्जिद जैसे स्थल शामिल हैं।
इतना ही नहीं, तुफैल ने अन्य लोगों को भी इस नेटवर्क से जोड़ने की कोशिश की थी। उसने पाकिस्तान द्वारा संचालित ग्रुप्स के लिंक वाराणसी के कई युवाओं को भेजे ताकि और लोग इस विचारधारा से जुड़ें।
बताया जा रहा है कि यूपी एटीएस की वाराणसी यूनिट को कुछ समय पहले तुफैल के संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली थी। इसके बाद उसे सर्विलांस पर रखा गया और उसकी डिजिटल गतिविधियों की गहराई से जांच की गई। डिजिटल सबूत मिलने पर उसे तुरंत हिरासत में लिया गया।












Click it and Unblock the Notifications