UP News: हॉट एयर बैलून के जरिए आसमान से काशी का नजारा देखेंगे पर्यटक, जानिए पर्यटन विभाग क्या कर रहा तैयारी?
UP News: वाराणसी में भ्रमण करने के लिए आने वाले घरेलू और विदेशी पर्यटक अब हमेशा हॉट एयर बैलून में सवार होकर आसमान से काशी का नजारा देख पाएंगे। इसके लिए पर्यटन विभाग और वाराणसी विकास प्राधिकरण के बीच मंगलवार को लखनऊ में एक एमओयू साइन किया गया। इसके अलावा वाटर स्पोर्ट्स आदि के बारे में भी विचार किया जा रहा है।
दरअसल, वाराणसी में सर्दियों के मौसम में हॉट एयर बैलून फेस्टिवल का आयोजन किया जाता है। हॉट एयर बैलून में सफर करने के लिए काफी संख्या में लोग टिकट की बुकिंग करते हैं हालांकि काफी कम दिनों तक ही हॉट एयर बैलून का संचालन किया जाता है। ऐसे में पर्यटक इस का लुफ्त हमेशा नहीं उठा पाते हैं।

केवल 2 या 3 दिन या 1 सप्ताह तक ही इसका आयोजन होता है। लेकिन अब वाराणसी विकास प्राधिकरण और पर्यटन विभाग के बीच एक एमओयू साइन हुआ है। एमओयू साइन करने का मुख्य उद्देश्य यही है कि वाराणसी में पर्यटकों की सुविधा और उन्हें मस्ती के लिए क्या-क्या किया जा सकता है।
पर्यटन मंत्री डॉक्टर जयवीर सिंह द्वारा मीडिया को बताया गया कि उत्तर प्रदेश में काफी संख्या में घरेलू पर्यटकों का आवागमन हो रहा है। घरेलू पर्यटकों की दृष्टि से यदि देखा जाए तो उत्तर प्रदेश का देश में पहला स्थान है। वहीं बीते वर्ष के आंकड़ों पर ध्यान दें तो पता चलता है कि यूपी के वाराणसी में सर्वाधिक घरेलू पर्यटक भ्रमण करने के लिए आए।
ऐसे में प्रयास किया जा रहा है कि वाराणसी में भ्रमण करने के लिए आने वाले पर्यटकों को किसी प्रकार की समस्या ना हो और उन्हें वाटर स्पोर्ट का लुफ्त उठाने को मिले तथा हॉट एयर बैलून की यात्रा करते हुए लोग आसमान से काशी का भव्य नजारा भी देख सकें।
एमओयू के अनुसार वाराणसी विकास प्राधिकरण और पर्यटन विभाग मिलकर वाराणसी में काशी कॉरिडोर, वाटर स्पोर्ट्स, क्रूज संचालन, हॉट एयर बैलून, भव्य गंगा आरती और टेंट सिटी आदि पर खास फोकस करेगी जिससे वाराणसी में भ्रमण करने के लिए आने वाले घरेलू और विदेशी पर्यटकों को यह सुविधाएं अधिक आकर्षित कर सकें।












Click it and Unblock the Notifications