देश के 30 एयरपोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, वाराणसी एयरपोर्ट पर हाई लेवल सुरक्षा बैठक, अलर्ट जारी
Airport News: सोमवार को एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के ऑफिशल मेल पर एक धमकी भरा ईमेल आने के बाद हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि ईमेल करने वाले द्वारा देश के 30 एयरपोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है।
धमकी भरा ईमेल आने के बाद एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया द्वारा उन सभी एयरपोर्ट को सूचना दिया गया। सूचना मिलने के बाद देश के सभी हवाई अड्डों पर अलर्ट जारी कर दिया गया है। सुरक्षा एजेंसियों ने जांच शुरू कर दी है।

एयरपोर्ट ही नहीं आसपास के इलाकों में भी सीआईएसएफ और पुलिस कर्मियों द्वारा सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। इसके अलावा आसपास के गांव में रहने वाले लोगों से भी संदिग्ध व्यक्ति मिलने पर तुरंत सूचित करने को कहा गया है।
30 हवाई अड्डों में वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे का भी नाम शामिल है। ऐसे में वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भी अलर्ट जारी कर दिया गया है।
इसके अलावा सोमवार को वाराणसी एयरपोर्ट पर हाई लेवल सिक्योरिटी मीटिंग की गई। इस मीटिंग में एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के अधिकारियों के साथ ही सीआईएफ, आईबी, एलआईयू सहित अन्य सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारी शामिल रहे।
बैठक में एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई। इसके अलावा ईमेल करने के मामले को लेकर सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारियों के बीच चर्चा हुई। बैठक संपन्न होने पर सीआईएसएफ के जवानों ने एयरपोर्ट परिसर में सर्च ऑपरेशन चलाया।
इस दौरान पार्किंग एरिया समेत एयरपोर्ट के अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर भी चेकिंग की गई। खासकर वाराणसी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र से जुड़ा है। ऐसे में वाराणसी एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था और बढ़ा दी गई है।
इस बारे में सीआईएसएफ के सीनियर कमांडेंट अजय कुमार द्वारा बताया गया कि धमकी भरा ईमेल आने के बाद वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर अलर्ट जारी किया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि यह किसी सिरफिरे की हरकत हो सकती है। हालांकि वाराणसी एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।












Click it and Unblock the Notifications