UP News: 14 घंटे देरी से पहुंची शारजाह से वाराणसी फ्लाइट, यात्रियों ने किया हंगामा, एयरपोर्ट पर गुजारी रात
UP Hindi News: रविवार रात शारजाह से वाराणसी आने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट 14 घंटे की देरी से उड़ी। फ्लाइट लेट होने से यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। रात में यात्रियों और यात्रियों के परिजनों ने वाराणसी एयरपोर्ट पर जमकर हंगामा किया।
यात्रियों और परिजनों के हंगामा करने पर रात में एयरलाइंस कर्मियों ने किसी तरह उन्हें समझा-बुझाकर शांत कराया। सुबह करीब 10:00 बजे फ्लाइट वाराणसी एयरपोर्ट पहुंची। इसके बाद यात्रियों, परिजनों और अधिकारियों ने राहत की सांस ली।

दरअसल, एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट IX 184 हर दिन दोपहर 2:25 बजे शारजाह एयरपोर्ट से उड़ान भरती है। फ्लाइट रात 8:10 बजे वाराणसी एयरपोर्ट पर लैंड करती है। इस बारे में एयरपोर्ट के अधिकारियों द्वारा बताया गया कि रविवार को फ्लाइट में कुछ तकनीकी खराबी आ गई थी।
तकनीकी खराबी आ जाने और ऑपरेशनल कारणों की वजह से फ्लाइट रविवार को शारजाह एयरपोर्ट से समय से उड़ान नहीं भर सकी। अधिकारियों ने बताया कि फ्लाइट सोमवार 4:52 बजे शारजाह एयरपोर्ट से उड़ान भरी और 10:00 बजे वाराणसी एयरपोर्ट पर लैंड की।
अधिकारियों द्वारा यह भी बताया गया कि फ्लाइट विलंबित होने के चलते वाराणसी एयरपोर्ट पर मौजूद यात्रियों और उनके परिजनों द्वारा थोड़ा हंगामा किया गया था। रात में उन्हें नाश्ते का प्रबंध करा दिया गया और हंगामा करने वाले लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया गया।
वहीं, फ्लाइट से जा रहे यात्री के परिजन अकरम ने बताया कि वह रविवार की दोपहर भी वाराणसी एयरपोर्ट पहुंचे थे। दोपहर में उनके रिश्तेदार को एयरपोर्ट के मुख्य टर्मिनल भवन में प्रवेश मिला। इसके बाद वह एयरपोर्ट से बाहर निकल गये। उन्होंने बताया कि वह इंतजार कर रहे थे कि फ्लाइट उड़ान भरने के बाद वह अपने घर के लिए रवाना होंगे, लेकिन काफी देर तक इंतजार करने के बाद उन्हें पता चला कि फ्लाइट रात में आएगी। उसके बाद फिर पता चला कि देर रात में आएगी। इस तरह इंतजार करते-करते सुबह हो गया। टर्मिनल में यात्रियों को तो नास्ता दिया गया लेकिन परिजन भूखे ही सो गए।












Click it and Unblock the Notifications