पीएम के संसदीय क्षेत्र में महिलाओं को किचन गार्डन के बारे में किया गया जागरूक
प्रधानमंत्री के आदर्श गांव नागेपुर से रैली निकालकर ग्रामीण महिलाओं को किचन गार्डन के बारे में किया गया जागरूक
वाराणसी, 8 जुलाई : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आदर्श गांव नागेपुर से शुक्रवार को आशा ट्रस्ट और लोक समिति द्वारा रैली निकालकर ग्रामीण महिलाओं को किचन गार्डन के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान आशा ट्रस्ट द्वारा करीब 80 महिलाओं को मौसमी सब्जियों के बीच नि:शुल्क वितरित किये गये। यह रैली नागेपुर से प्रारंभ होकर आराजी लाइन और सेवापुरी ब्लाक के दर्जनों गांवों में गई। रैली में शामिल लोगों द्वारा महिलाओं को घर के आंगन और खाली पड़ी भूमि में सब्जियां उगाने के बारे में जानकारी दी गयी।

भुखमरी और कुपोषण से बचने के लिये किचन गार्डन है कारगर
रैली निकालने के बाद नागेपुर में स्थित लोक समिति आश्रम में एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में लोगों को बताया गया कि बरसात के मौसम में तोरई, बोड़ा, बैगन, मिर्च, करेला, भिंडी, नेनुआ, कद्दू, कोहड़ा, लौकी, सेम व अन्य सब्जियों को किस तरह से घर के आंगन और आसपास के खाली भूमि में लगाया जा सकता है। इससे प्रतिदिन हरी सब्जियां खाने को मिलेंगी और बचने पर उन्हें बेचकर लोग अपनी जरूरतें भी पूरा कर पाएंगे। लोक समिति के संयोजक नंदलाल मास्टर ने बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर और गरीब परिवार के बच्चों, किशोरियों और महिलाओं के लिए सस्ता एवं पूर्ण पोषण प्राप्त करने में किचन गार्डन का उपयोग महत्वपूर्ण साबित होगा। इसके द्वारा भुखमरी और कुपोषण से भी लड़ा जा सकता है।
उन्होंने यह भी कहा कि जिन परिवारों के पास खेती के लिये खाली भूमि नहीं है, वे गमले में भी सब्जियों को उगा सकते हैं। गमले में तोरई, करेला, नेनुआ, कद्दू, सेम आदि को उगा कर उन्हें छत या चाहरदीवारी पर डंडों के सहारे छाजन बनाकर चढ़ा देने से काफी अच्छी पैदावार होगी और आसानी से जरूरतों को पूरा किया जा सकेगा। कार्यक्रम में मुख्य रूप से नंदलाल मास्टर, पंचमुखी, ज्योति, समाबानो, विद्या, सोनी, मधुबाला, सीमा, रिता, राजकुमारी, अनीता, शिवकुमार, आलोक, सुनील, रामबचन सहित अन्य लोग शामिल रहे।
ये भी पढ़ें - Bakrid : बकरीद से पहले मालिक को मालामाल कर गया ये बकरा, जानिए कितने में बिका 'सुल्तान'












Click it and Unblock the Notifications