वाराणसी के बुनकरों की योगी सरकार ने मानी थी सभी मांगें, पूरी न होने पर प्रियंका गांधी ने घेरा
वाराणसी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के काशी के बुनकरों की सभी मांगे मान ली थी, जिसके बाद 4 सितंबर को वाराणसी के बुनकरों ने अनिश्चितकाली हड़ताल को समाप्त कर दिया था। लेकिन मांगे पूरी ने होने पर काशी के बुनकर 15 अक्टूबर से एक बार फिर हड़ताल पर चले गए हैं। बुनकरों के हड़ताल पर जाने से कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने एक बार फिर यूपी की योगी आदित्यनाथ सरकार को घेरा है। प्रियंका गांधी ने बनारस के बुनकरों की समस्या को लेकर सीएम योगी को पत्र लिखा। इस पत्र में प्रियंका ने तीन प्रमुख मांग की है।

उत्तर प्रदेश प्रभारी व कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने गुरुवार (29 अक्टूबर) को ट्वीट करते हुए योगी सरकार पर हमला बोला है। साथ ही एक पत्र भी भेजा है। प्रियंका गांधी ने ट्वीट करते हुए लिखा, 'दुनिया में बनारस का नाम मशहूर करने वाले बुनकरों को फ्लैट रेट पर बिजली न देना, नए रेट पर बिजली बिल वसूली के लिए उन्हें प्रताड़ित करना बेहद गलत है। भाजपा सरकार को अविलंब फ्लैट रेट पर बिजली व पुराने दर पर बकाया भुगतान लागू कर बुनकरों की रक्षा करनी चाहिए। उप्र के सीएम को मेरा पत्र।'
क्या लिखा है पत्र में
प्रियंका गांधी ने पत्र में लिखा है कि, 'मेरी जानकारी में आया है कि पिछले कुछ समय से वाराणसी के बुनकर बहुत ही परेशान और हताश है। पूरी दुनिया में मशहूर बनारसी सड़ियों के बुनकरों के परिवार दाने-दाने को मोहताज हो गए है। कोरोना महामारी और सरकारी नीतियों के चलते उनका पूरा कारोबार चौपट हो गया है, जबकि उनकी हस्तकाल द्वारा सदियों से उत्तर प्रदेश का नाम रौशन हुआ है। उत्तर प्रदेश सरकार को इस कठिन दौर में उनकी पूरी सहायता करनी चाहिए।
यूपीए सरकार ने 2006 में बुनकरों के लिए फ्लैट रेट पर बिजली देने की योजना लागू की थी। मगर आपकी सरकार यह योजना खत्म करके बुनकरों के साथ बहुत नाइंसाफी कर रही है। सिर्फ इतना ही नहीं बुनकरों नें मुझे बताया कि मनमाने बिजली बिल के खिलाफ जब वे हड़ताल पर गए तो सरकार ने उन्हें वार्ता के लिए बुलाया। सरकार के प्रतिनिधि ने उन्हें भरोसा भी दिलाया कि उनकी मांगे मान ली जाएंगी। लेकिन इसके बावजूद उनकी समस्याओं का समाधान करने का कोई प्रयास नहीं हुआ।
प्रियंका गांधी ने पत्र में तीन प्रमुख मांगों को उठाया-
1. फ्लैट रेट पर बिजली देने की योजना बहाल की जाए।
2. फर्जी बकाया के नाम पर बुनकरों का उत्पीड़न तत्काल प्रभाव से रोका जाए।
3. बुनकरों के बिजली कनेक्शन न काटे जाएं। जो बिजली के कनेक्शन कट गए हैं उन्हें तत्काल जोड़ा जाए।












Click it and Unblock the Notifications