वाराणसी में प्रचार करने पहुंचे BJP विधायक को लोगों ने घेरा, वापस जाओ के लगाए नारे, देखें Video
Lok Sabha Election 2024 Varanasi: वाराणसी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का प्रचार प्रसार करने और वोट मांगने पहुंचे भाजपा विधायक को लोगों की विरोध का सामना करना पड़ा। इसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा है कि मौजूद लोग भाजपा विधायक सौरभ श्रीवास्तव को घेर कर खडे हैं। इस दौरान लोगों द्वारा वापस जाओ के नारे भी लगाए जा रहे हैं। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विपक्षी दल के नेताओं द्वारा इसे शेयर किया जा रहा है।

वाराणसी लोकसभा सीट से इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी अजय राय द्वारा भी सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म पर इस वीडियो को शेयर करते हुए भारतीय जनता पार्टी पर निशान साधा गया है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो वाराणसी के नगवां इलाके का है।
मंगलवार को प्रचार करने पहुंचे थे विधायक: वाराणसी के कैंट विधानसभा से भाजपा विधायक सौरव श्रीवास्तव मंगलवार को वाराणसी के नगवा इलाके में प्रचार प्रसार करने और वोट मांगने पहुंचे थे। वहां विधायक और उनके समर्थकों को देखकर लोग उनका विरोध करने लगे।
दरअसल, विरोध कर रहे लोगों का आरोप है कि वाराणसी के अस्सी घाट के किनारे जगन्नाथ कॉरिडोर बनाया जाना है। कॉरिडोर निर्माण के लिए भवन को चिन्हित किया जा चुका है और प्रशासन द्वारा इसका सर्वे भी कर लिया गया है। इसी मामले को लेकर स्थानीय लोग कोर्ट में गए थे।
कोर्ट द्वारा अधिकारियों को मामले का निस्तारण करने का आदेश दिया गया था। इस मामले में अधिकारियों द्वारा सुनवाई न किए जाने के बाद स्थानीय लोग जनप्रतिनिधियों के पास भी मदद के लिए पहुंचे लेकिन आरोप है कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उनकी कोई मदद नहीं की गई।
लोगों द्वारा कहा गया कि सरकार द्वारा जगन्नाथ कॉरिडोर के नाम पर हम लोगों को उजाड़ने का काम किया जा रहा है। 70-80 साल से मकान बनवाकर हम लोग यहां रह रहे हैं। जिस सरकार को वोट देकर हम लोगों ने लाया वही सरकार हमें उजाड़ने का काम कर रही है।
विधायक को लौटना पड़ा वापस: चुनाव प्रचार करने के लिए पहुंचे विधायक का काफी देर तक स्थानीय लोग विरोध करते रहे। इस दौरान लोगों द्वारा कहा गया कि आप लिखित रूप में दीजिए कि जगन्नाथ कॉरिडोर के लिए उनके भवन को नहीं तोड़ा जाएगा।
करीब एक घंटे तक विधायक वहां मौजूद रहे और लोगों को समझाते नजर आए। हालांकि बाद में विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने अधिकारियों को फोन किया और लोगों को आश्वासन दिया कि आप लोगों का मकान नहीं टूटेगा। बावजूद इसके लोग विरोध करते रहे उसके बाद विधायक वापस लौट गए।












Click it and Unblock the Notifications