मंकीपॉक्स को लेकर वाराणसी में बढ़ी सतर्कता, किया गया जागरूक
मंकीपॉक्स को लेकर वाराणसी एयरपोर्ट पर अधिकारियों कर्मचारियों को किया गया जागरूक
वाराणसी, 21 जुलाई : मंकीपॉक्स को लेकर वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भी तैयारियां तेज कर दी गई हैं। गुरुवार को वाराणसी एयरपोर्ट के अधिकारियों को जागरूक करने के लिए एक सेमिनार का आयोजन किया गया। सेमिनार में एयरपोर्ट पर कार्यरत सभी एजेंसियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान चिकित्सकों की टीम द्वारा मंकीपॉक्स से ग्रसित पैसेंजर को पहचानने के साथ ही उसे आइसोलेशन कक्ष तक पहुंचाने तक सुरक्षा बरतने आदि के बारे में अधिकारियों और कर्मचारियों को समझाया गया।

मंकीपॉक्स के लक्षणों और सुरक्षा की दी गई जानकारी
वाराणसी एयरपोर्ट के मुख्य टर्मिनल भवन में स्थित कांफ्रेंस हाल में करीब एक घंटे चली इस बैठक में एनसीडीसी (नेशनल सेंटर डिजीज कंट्रोल) के डॉक्टर एके यादव और डॉक्टर प्रतीक कुमार द्वारा मंकीपॉक्स के लक्षणों और उनसे बचाव व रोकथाम के बारे में जानकारी दी गई। इस दौरान एयरपोर्ट के कार्यवाहक निदेशक एके पाठक, शक्ति शरण त्रिपाठी, सीआईएसफ के असिस्टेंट कमांडेंट कुलदीप सिंह, रंजीत वर्मा के अलावा सभी एयरलाइंस, इमीग्रेशन के साथ ही अन्य सुरक्षा एजेंसियों के लोग भी शामिल रहे।

इंटरनेशनल विमान कम होने से कम है खतरा
वाराणसी एयरपोर्ट से वर्तमान समय में अंतरराष्ट्रीय हवाई मार्ग पर केवल शारजाह के लिए सीधी विमान सेवा संचालित की जा रही है। ऐसे में अधिकारियों ने बताया कि वाराणसी एयरपोर्ट पर अधिक खतरा नहीं है। हालांकि सुरक्षा एवं बचाव के लिए लोगों को जागरूक करते हुए यह भी बताया गया कि मास्क लगाकर आने वाले यात्री के चेहरे पर यदि सूजन है या फिर मंकीपॉक्स से जुड़े लक्षण दिखाई दे रहे हैं तो ऐसे यात्री का मास्क उतरवाकर उनकी जांच की जानी चाहिए।

रेलवे स्टेशन पर भी बरती जा रही सावधानी
मंकीपॉक्स को लेकर वाराणसी रेलवे स्टेशन पर भी काफी सतर्कता बरती जा रही है। डॉक्टरों की टीम द्वारा एयरपोर्ट के अलावा रेलवे स्टेशन पर भी अधिकारियों को जागरूक किया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि पिछले दिनों सारनाथ में बुद्धिस्टों का एक कार्यक्रम था ऐसे में दर्जनों की संख्या में बुद्धिस्ट वहां आए हुए हैं, उन पर भी निगरानी रखी जा रही है।
ये भी पढ़ें- जल्द होगा गोरखपुर एयरपोर्ट का विस्तार,सांसद रवि किशन ने रक्षा मंत्री से की मुलाकात












Click it and Unblock the Notifications