Varanasi Airport पर सीने में दर्द के कारण गिरा यात्री, समय पर नहीं मिला इलाज, अस्पताल पहुंचने से पहले हुई मौत
चेन्नई से आए एक यात्री की गुरुवार सुबह वाराणसी एयरपोर्ट पर हार्ट अटैक से मौत हो गई। यात्री अपने परिवार के सदस्यों के साथ वाराणसी में पूजा करने आया था और लौट रहा था।

Varanasi Airport पर गुरुवार सुबह हार्ट अटैक के चलते एक यात्री की मौत हो गई। यात्री वाराणसी में काशी में दर्शन करने के लिए आया था और दर्शन पूजन करने के बाद गुरुवार की सुबह इंडिगो एयरलाइंस के विमान से चेन्नई जाने वाला था। बताया जा रहा है कि इस दौरान एयरपोर्ट पर स्थित मेडिकल इमरजेंसी रूम में कोई चिकित्सक मौजूद नहीं था और एयरपोर्ट के बाहर मौजूद एंबुलेंस का चालक भी नहीं मिला। हालांकि एयरलाइंस कर्मी उसे अपनी कार से लेकर एक निजी चिकित्सालय में गए जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। साथ के लोगों का कहना है कि यदि समय से चिकित्सकीय सुविधा मिल गई होती तो उसकी जान बच सकती थी।

बोर्डिंग पास लेकर फ्लाइट का कर रहा था इंतजार
जानकारी अनुसार चेन्नई का रहने वाला 38 वर्षीय सेंथिलकुम वेल्लीराज नामक व्यक्ति परिवार के सदस्यों और मित्रों के साथ पिछले दिनों वाराणसी में दर्शन पूजन करने के लिए आया था। वाराणसी में दर्शन पूजन करने के बाद सभी लोग गुरुवार को चेन्नई वापस लौटने के लिए सुबह में वाराणसी एयरपोर्ट पर पहुंचे। एयरपोर्ट पर पहुंचने के बाद यात्री और उसके साथ के लोग मुख्य टर्मिनल भवन में प्रवेश किए और बोर्डिंग तथा पास लेकर फ्लाइट के आने का इंतजार करने लगे। बताया जा रहा है कि इसी दौरान सेंथिलकुम नामक यात्री के सीने में दर्द हुआ और वह जोर-जोर से चिल्लाने लगा। उसके साथ के लोग उसे पकड़ने के लिए पहुंचे तो वह फर्श पर गिर गया।

एमआई रूम में नहीं मौजूद थे डॉक्टर
मृतक के साथ के लोगों ने बताया कि सेंथिलकुम के बीमार होने के बाद वे लोग तत्काल उसे उठाकर मदद की गुहार लगाए। इस दौरान पता चला कि एयरपोर्ट पर स्थित मेडिकल इमरजेंसी रूम में कोई डॉक्टर मौजूद नहीं है। एमआई रूम में डॉक्टर मौजूद न होने के चलते यात्री के परिजन उसे टर्मिनल भवन से लेकर बाहर निकले। बाहर एंबुलेंस तो मौजूद था लेकिन उसका चालक नहीं था। ऐसे में बीमार यात्री के साथ मौजूद परिजन एयरलाइंस कर्मियों से मदद की गुहार लगाने लगे। एयरलाइंस कर्मी उसे तत्काल अपनी कार से लेकर बाबतपुर स्थित एक निजी चिकित्सालय पहुंचे। चिकित्सालय में पहुंचने पर वहां मौजूद चिकित्सकों द्वारा जांच पड़ताल करने के बाद यात्री को मृत घोषित कर दिया गया।

समय से मिलता उपचार तो बच सकती थी जान
इस बारे में यात्री के साथ के लोगों ने बताया कि यदि एयरपोर्ट पर चिकित्सक मौजूद रहते और तत्काल प्राथमिक उपचार मिल गया होता तो सेंथिल की जान बच सकती थी। वहीं एंबुलेंस की उपलब्धता होने के बावजूद चालक वहां न मिलने पर भी मृत यात्री के साथ के लोगों द्वारा नाराजगी जताई गई। वह इस बारे में एयरपोर्ट निदेशक आर्यमा सान्याल द्वारा बताया गया कि चेन्नई निवासी एक यात्री की हार्टअटैक के चलते मौत हुई है। उन्होंने बताया कि यात्री को नजदीकी निजी चिकित्सालय में पहुंचाया गया था जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
Recommended Video













Click it and Unblock the Notifications