Mirzapur News: बच्चों से हाथ-पैर मालिश कराते हुए हेड कांस्टेबल का वीडियो वायरल, सस्पेंड
Mirzapur News: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में एक कांस्टेबल द्वारा नाबालिग बच्चों से हाथ-पैर की मालिश करवाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि कांस्टेबल दो बच्चों से अपने हाथ-पैर की मालिश करवा रहा है।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। इसके बाद वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए एसपी नक्सल ने इस मामले में जांच के आदेश दिए हैं और कांस्टेबल को निलंबित कर दिया गया है।

आम तोड़ने गए थे बच्चे
यह पूरी घटना मिर्जापुर जिले के अहरौरा थाना क्षेत्र के इमलिया चट्टी पुलिस चौकी की बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि गांव के रहने वाले कुछ बच्चे सोमवार की दोपहर पुलिस चौकी के पास आम तोड़ने गए थे।
बच्चों को आम तोड़ते देख पुलिस चौकी पर तैनात हेड कांस्टेबल भानु प्रताप सिंह ने बच्चों को अपने पास बुलाया और बच्चों से अपने सिर, हाथ और पैर की मालिश करने को कहा। उसके बाद बच्चों ने मालिश शुरू कर दी।
इस दौरान पुलिसकर्मी द्वारा बच्चों से पैर की मालिश करवाने का किसी ने वीडियो बना लिया। वीडियो बनाने के बाद उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने पर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
पुलिस अधिकारियों ने जब मामले की जांच शुरू की तो पूरा मामला सत्य पाया गया। इसके बाद एसपी नक्सल ने मामले का संज्ञान लेते हुए आरोपी हेड कांस्टेबल को तत्काल निलंबित कर दिया।
चौकी इंचार्ज अस्वस्थ होने के कारण बीएचयू में हैं भर्ती
इस संबंध में एसपी नक्सल ओपी सिंह ने बताया कि मामले की जांच क्षेत्राधिकारी नक्सल को सौंपी गई है। साथ ही उन्होंने बताया कि मामला संज्ञान में आने के बाद आवश्यक कार्रवाई की गई है। बताया कि चौकी इंचार्ज अस्वस्थ हैं और बीएचयू में भर्ती हैं। फिलहाल सिपाही को निलंबित कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications