वाराणसी एयरपोर्ट पर यात्री के जूते से बरामद हुआ 27 लाख का सोना
शारजाह से वाराणसी एयरपोर्ट पहुंचे कुशीनगर निवासी एक यात्री के पास से 27 लाख का सोना बरामद
वाराणसी, 27 जुलाई : वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मंगलवार की देर रात में शारजाह से आए एक यात्री के जूते से कस्टम टीम ने 27 लाख से अधिक का सोना बरामद किया। सोना बरामद करने के बाद उसकी जांच पड़ताल पूरी हो जाने पर आज उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। वाराणसी एयरपोर्ट पर कस्टम टीम द्वारा इस माह यह तीसरी बार सोना बरामद किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि प्रोफाइलिंग जांच के दौरान ही यात्री के ऊपर शक हुआ और उसे पकड़ लिया गया।

पिछले माह गया था शारजाह
अधिकारियों ने बताया कि पकड़ा गया यात्री मनजीत कुमार कुशीनगर का रहने वाला है। वह पिछले माह काम की तलाश में शारजाह गया था। दूसरे महीने में ही वह अब वापस आ रहा था जिसके चलते कस्टम के अधिकारियों को उस पर शक हुआ। प्रोफाइलिंग जांच के दौरान ही यात्री से कस्टम टीम द्वारा पूछताछ की जाने लगी जिस पर वह घबराने लगा।

पैर के तलवे में छुपाया था सोना
एयरपोर्ट पर की जाने वाली कस्टम जांच से बच निकलने के लिए यात्री ने काले रंग के प्लास्टिक में सोने के पेस्ट रखकर पैर के तलवों में चिपकाने के बाद मोजा और जूता पहन लिया था। एयरपोर्ट पर पकड़े जाने के बाद कस्टम द्वारा उसका जूता उतरवाने पर उसमें से सोने का पेस्ट बरामद किया गया। अधिकारियों ने बताया कि उसके पास से 530.700 ग्राम सोना बरामद किया गया है, जिसकी शुद्धता 99.50 प्रतिशत पाई है। बरामद सोने की कीमत 2733105 रुपए बताई गई।

बीते गुरुवार को पकड़ा गया था 1.21 करोड़ का सोना
कोरोना काल के बाद एक बार फिर से सोना तस्कर सक्रिय हो गए हैं, यही कारण है कि एयरपोर्ट पर लगातार सोना बरामद किए जाने के मामले सामने आ रहे हैं। बीते गुरुवार को कस्टम टीम ने बिहार के पश्चिम चंपारण के रहने वाले अब्दुल रहमान अंसारी नामक यात्री के पास से 1.21 करोड़ का सोना बरामद किया था। इसके अलावा 20 जुलाई को भी कस्टम टीम ने बरेली के रहने वाले इबरार नामक यात्री के पास से 18 लाख से अधिक का सोना बरामद किया था।












Click it and Unblock the Notifications