Mahashivratri 2023: काशी में CCTV से रखी जा रही है निगरानी, शहर जाने से पहले पढ़ लें ये खबर
महाशिवरात्रि पर्व पर वाराणसी में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। श्री काशी विश्वनाथ धाम में जाने वाले महत्वपूर्ण मार्गों पर आवागमन प्रतिबंधित कर दिया गया है तथा सीसीटीवी से निगरानी की जा रही है।

Mahashivratri पर्व पर वाराणसी में काफी संख्या में श्रद्धालु श्री काशी विश्वनाथ का दर्शन करने के लिए पहुंचते हैं, ऐसे में वाराणसी में विभिन्न मार्गों पर यातायात प्रतिबंधित करते हुए डायवर्जन लागू कर दिया गया है। अधिकारियों द्वारा कहा गया है कि घर से निकलने से पहले डायवर्जन प्लान देख कर निकले, जिससे आपको किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े।

इन रास्तों पर यातायात पूरी तरह प्रतिबंधित
यातायात पुलिस द्वारा जारी सूचना में बताया गया है कि 17 फरवरी दोपहर से वाराणसी जिले के मैदागिन चौराहा से गोदौलिया चौराहा और गोदौलिया चौराहे से दशाश्वमेध वाले रास्ते पर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इसी तरह रामापुरा चौराहे से गोदौलिया की तरफ आने वाले रास्ते और भदउँ चुंगी से भैसासुर घाट तथा रामनगर की तरफ से सामने घाट पुल की तरफ चलने वाले तीन पहिया वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। एडीसीपी ट्रैफिक दिनेश कुमार पूरी द्वारा बताया गया कि यह प्रतिबंध 17 फरवरी दोपहर से प्रारंभ हुआ है जो 18 फरवरी की रात्रि 11:00 बजे तक लागू रहेगा।

इन स्थानों पर बनाई गई है पार्किंग
श्री काशी विश्वनाथ दर्शन करने के लिए वाराणसी समेत आसपास के जनपदों से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए वाराणसी शहर में कई जगह पार्किंग भी बनाई गई है। भेलूपुर में एंग्लो बंगाली इंटर कॉलेज, मंडुआडीह में एफसीआई माल गोदाम, सिगरा में भारत माता मंदिर और नटराज सिनेमा, रोहनियां इलाके में भास्करा पोखरा, मैदागिन में हरिश्चंद्र डिग्री कॉलेज, मिंट हाउस स्थित कटिंग मेमोरियल स्कूल, कैंटोनमेंट स्थित सेंट मेरिज कॉलेज, सारनाथ में हवेलिया-सारनाथ सड़क पर, लक्सा में मजदा टॉकीज, पीलीकोठी में नेशनल इंटर कॉलेज, लहरतारा में कैंसर हॉस्पिटल के सामने रेलवे मैदान, नई सड़क पर सनातन धर्म इंटर कॉलेज, जगतगंज में संपूर्णानंद संस्कृत विद्यालय मैदान, गोलगड्डा में रेलवे मैदान और लंका में नरिया-हैदराबाद रोड पर वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा मणिकर्णिका घाट पर अंतिम संस्कार करने के लिए शव लेकर आने वाले वाहनों के लिए हरिश्चंद्र डिग्री कॉलेज के सामने पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

वाराणसी में सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम
महाशिवरात्रि पर्व पर वाराणसी के श्री काशी विश्वनाथ मंदिर और आसपास के इलाकों तथा ज्ञानवापी मस्जिद और गंगा किनारे घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था के चाक-चौबंद इंतजाम किए गए हैं। अपर पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह द्वारा बताया गया कि महाशिवरात्रि पर्व को देखते हुए शहर में सीसीटीवी कैमरों से निगरानी कराई जा रही है। इसके अलावा शहर के सभी महत्वपूर्ण चौराहों और श्री काशी विश्वनाथ धाम व ज्ञानवापी मस्जिद तथा गंगा नदी के किनारे स्थित घाटों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। उन्होंने यह भी कहा कि महाशिवरात्रि पर्व पर झांकी और शिव बारात निकालने वाले लोगों के लिए पहले ही गाइडलाइन जारी की जा चुकी है। जारी गाइडलाइन का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वहीं शुक्रवार को काशी पंचकोसी परिक्रमा के अंतर्गत आने वाले मंदिरों में पहुंचकर एसीपी संतोष कुमार सिंह द्वारा सुरक्षा व्यवस्था का जायजा भी लिया गया।
Recommended Video













Click it and Unblock the Notifications