Varanasi News: फेसबुक पर लिखा 'अतीक शेर था...', पुलिस ने पकड़कर कर दिया चालान
वाराणसी में एक युवक ने अतीक अहमद को शेर बताते हुए फेसबुक पर पोस्ट लिखा। इसकी सूचना मिलने पर वाराणसी कमिश्नरेट के कैंट थाने की पुलिस ने उक्त युवक को पकड़कर उसका चालान कर दिया गया।

फेसबुक पर अतीक अहमद को शेर लिखने वाले Varanasi के रहने वाले एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए युवक से पूछताछ करने के बाद पुलिस द्वारा उसका चालान कर दिया गया।
युवक प्रयागराज में बस चलाता है, ऐसे में पुलिस उसके और अतीक के बीच के कनेक्शन को भी तलाश रही है। पुलिस का कहना है कि शांति भंग की आशंका में उसका चालान किया गया है। फेसबुक पर उसने इस तरह का पोस्ट क्यों किया था इसके बारे में भी जांच-पड़ताल की जा रही है।
दरअसल, वाराणसी के कैंट थाना अंतर्गत नदेसर गड़हिया पोखरा निवासी मोहम्मद आलम उर्फ पहलवान ने माफिया अतीक अहमद की हत्या के मामले में अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की फोटो को बीते दिनों फेसबुक पर शेयर किया।
फेसबुक पर अतीक और अशरफ की फोटो शेयर करने के साथ ही उसने लिखा कि 'पिंजरे में बंद शेर का शिकार किया है, कभी खुले में शेर का शिकार करना, तुम्हारी नस्ले तबाह हो जाएंगी।'
मोहम्मद आलम द्वारा इस तरह की पोस्ट शेयर किए जाने के बाद वाराणसी के रहने वाले एक व्यक्ति ने इसका स्क्रीनशॉट बना लिया। स्क्रीनशॉट बनाने के बाद ट्विटर के माध्यम से उसने वाराणसी कमिश्नर पुलिस को ट्वीट करते हुए शिकायत की।
शिकायत के बाद पुलिस तत्काल एक्टिव हुई और मोहम्मद आलम की खोजबीन शुरू कर दी गई। सर्विलांस टीम द्वारा प्राप्त लोकेशन के आधार पर कैंट थाने की पुलिस ने गुरुवार को मोहम्मद आलम को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार करने के बाद मोहम्मद आलम से पूछताछ की गई। पूछताछ में पता चला कि वह प्रयागराज में बस चलाता है। ऐसे में पुलिस द्वारा शांतिभंग की आशंका में उसका चालान करते हुए उसके और अतीक के बीच के कनेक्शन की जांच की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications