महिला ने बिल्ली समझकर शावक को गोद में उठाया, फिर आ धमकी मादा गुलदार, जानिए कैसे हुआ मौत से सामना
देहरादून के कालसी में धान की कटाई कर रही महिलाओं का गुलदार और शावक से सामना हो गया। खेत में काम कर रही महिला ने गुलदार के शावक को बिल्ली का बच्चा समझकर गोद में उठा लिया। जैसे ही महिला ने शावक को गोदी में उठाया, मादा गुलदार मौके पर पहुंच गई और महिला की तरफ अटैक करने लगी। इस बीच वहां काम कर रहे लोगों ने किसी तरह अपनी जान बचाई। गुलदार शावक को मुंह में दबाकर मौके से निकल गई।

देहरादून के कालसी स्थित आमबाग में खेत में धान कटाई का काम चल रहा है। गांव की महिलाएं और एक पुरुष कटाई कर रहे हैं। धान की कटाई कर रही महिला को खेत में एक बिल्ली के बच्चे जैसा शावक दिखाई पड़ा। महिला ने शावक को गोद में उठा लिया।
इस बीच शावक रोने लगा तो मादा गुलदार मौके पर आ गया और महिला की तरफ गुर्राने लगा। महिला ने तुरंत शावक को गोद से उतार दिया। महिला समेत अन्य लोग वहां से जान बचाकर भागे। इस बीच शोर शराबा भी हो गया। मादा गुलदार शावक को मुंह से पकड़कर बगीचे की ओर चली गई।
सूचना मिलते ही चकराता वन प्रभाग की टीम मौके पर पहुंचे और कांबिंग की, लेकिन गुलदार और शावक का कुछ पता नहीं लग पाया। बताया गया कि मादा गुलदार का मूूवमेंट ट्रैक करने के लिए घटनास्थल और आसपास कैमरे लगवाए जाएंगे। लेकिन खेत में गुलदार पाए जाने के बाद से ग्रामीण और स्थानीय लोग डरे हुए हैं।
साथ ही दिन में भी बाहर निकलने में खतरा पैदा हो गया है। वन विभाग की टीम ने सबको सावधान रहने को कहा है, साथ ही गश्त करने के निर्देश दे दिए हैं। अब तक पहाड़ों में गुलदार के कस्बों में आने की खबरें आती रही हैं। अब जिस तरह राजधानी के गांवों में गुलदार देखा गया, उससे लोगों में दहशत बढ़ गई है।












Click it and Unblock the Notifications