सीएम धामी के लिए अब किस विधायक ने की सीट छोड़ने की पेशकश, पढ़िए 14 अप्रैल की बड़ी खबरें
रूद्रप्रयाग से विधायक भरत चौधरी ने किया आग्रह
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के लिए सीट छोड़ने वाले विधायकों में एक नाम और जुड़ गया है और वह नाम है रूद्रप्रयाग से विधायक भरत चौधरी का। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आज रुद्रप्रयाग में आयोजित वैशाखी मेले के कार्यक्रम में प्रतिभाग के दौरान क्षेत्रीय विधायक भरत चौधरी द्वारा अपनी सीट छोड़कर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से रुद्रप्रयाग से चुनाव लड़ने का आग्रह किया गया।

अब तक आधा दर्जन से अधिक विधायक उनके लिए सीट छोड़ने का ऐलान कर चुके
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को 6 माह के अंदर विधानसभा का उपचुनाव लड़ना है। लेकिन जिस तरह से विधायक उनके लिए सीट छोड़ने को आगे आ रहे हैं उसे देखकर लगता है कि उनके लिए उपचुनाव की राह काफी आसान रहने वाली है। आपको बता दें कि अब तक आधा दर्जन से अधिक विधायक उनके लिए सीट छोड़ने का ऐलान कर चुके हैं। सत्ता पक्ष ही नहीं विपक्षी दल कांग्रेस के विधायक भी उनके लिए सीट छोड़ने को तैयार दिखाई दे रहे हैं। मुख्यमंत्री धामी के लिए सीट छोड़ने का जिन्होंने ऐलान किया है उनमें चंपावत के विधायक कैलाश गहतोड़ी, जागेश्वर के मोहन सिंह मेहरा, लालकुंआ डा. मोहन सिंह बिष्ट, रूड़की के प्रदीप बत्रा और खानपुर के निर्दलीय विधायक उमेश कुमार के नाम शामिल हैं। इसके साथ ही कांग्रेस विधायक हरीश धामी भी उनके लिए सीट छोड़ने की बात कह चुके हैं।
आईआईपी राज्य के 10 सीमान्त विकासखण्डों को एडोप्ट कर उनके विकास में योगदान के बारे में सोचे
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरूवार को आई.आई.पी मोहकमपुर में भारतीय पेट्रोलियम संस्थान के 63वें स्थापना दिवस समारोह में बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सुखद संयोग है कि आज बैसाखी, भगवान महावीर जयंती, डा. भीमराव अंबेडकर जयंती तथा सीएसआईआर-भारतीय पेट्रोलियम संस्थान (आईआईपी) स्थापना दिवस है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड के तीव्र विकास के लिए संस्थानों एवं विभागों की भूमिका भी अहम हो जाती है। उन्होंने कहा कि आईआईपी राज्य के 10 सीमान्त विकासखण्डों को एडोप्ट कर उनके विकास में योगदान के बारे में सोचे। मुख्यमंत्री ने कहा कि आईआईपी देहरादून देश का एक मात्र बायोजेट ईंधन निर्माता है। वर्ष 2018 में देहरादून से दिल्ली तक की भारत की पहली बायोजेट ईंधन प्रचालित उड़ान में इसी बायोजेट ईंधन का प्रयोग किया गया था। 05 केन्दीय मंत्रियों द्वारा इस बायोजेट ईंधन उड़ान के दिल्ली आगमन पर स्वागत किया गया । उत्तराखंड के युवाओं की कौशल वृद्धि एवं आजीविका के बेहतर अवसर हेतु संस्थान द्वारा अनेक कार्य किये जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने आशा व्यक्त की कि आईआईपी के वैज्ञानिक वानाग्नि, फलों-सब्जियों के भंडारण एवं परिवहन तथा वाहनों एवं डीजल जेनसेट से होने वाले प्रदूषण की रोकथाम एवं प्रबंधन क्षेत्रों में भी तेजी से कार्य करेंगे।
ऑनलाइन एस्कॉर्ट सर्विस के चक्कर में चार लाख ज्यादा रुपये गंवा दिए
देहरादून में एक आईटी कर्मचारी साइबर ठगों के जाल में फंस गया। उसने ऑनलाइन एस्कॉर्ट सर्विस के चक्कर में चार लाख ज्यादा रुपये गंवा दिए। साइबर ठगों ने खुद को पुलिस वाला बताकर ब्लैकमेल किया। जांच के बाद नेहरू कॉलोनी पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
करीब दो से ढाई महीने पुराना एक महिला का शव बरामद
दून पुलिस ने जाखन क्षेत्र के एक लॉज में एक महिला का शव बरामद किया है। जो कि करीब दो से ढाई महीने पुराना है। महिला का शव दीवान बॉक्स में सड़ा गला हुआ मिला। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने मामले में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार महिला का पति जनवरी में उसे छोड़कर अपने घर बंगाल चला गया था। जोकि अभी तक नहीं लौटा। पुलिस इसे हत्या का मामला मानकर ही चल रही है।












Click it and Unblock the Notifications