उत्तराखंड में कांग्रेस की लिस्ट का हो रहा इंतजार, सोशल मीडिया पर विपक्ष और लोगों ने ली चुटकी
दो दिन से हो रहा कांग्रेस के प्रत्याशियों की लिस्ट का इंतजार
देहरादून, 22 जनवरी। उत्तराखंड में कांग्रेस के दावेदारों को दो दिनों से लिस्ट का इंतजार है। लेकिन लंबे इंतजार के बाद भी लिस्ट सामने न आने से दावेदारों की धड़कनें तो बढ़ी हुई है, उधर सोशल मीडिया में विपक्ष और लोगों ने कांग्रेस की प्रत्याशियों की लिस्ट को लेकर अपने-अपने तरीके से चुटकी लेना शुरू कर दिया है। जो कि सोशल मीडिया में जमकर वायरल हो रहे हैं।

दो दिन से हो रहा लिस्ट का इंतजार
उत्तराखंड में कांग्रेस 14 जनवरी से प्रत्याशियों की सूची जारी करने का दावा कर रही है। गुरुवार को भाजपा की पहली सूची जारी होने के बाद शुक्रवार को कांग्रेस की पहली लिस्ट आने का दावा किया गया। देर रात तक जब कांग्रेस लिस्ट जारी नहीं कर पाई तो पूर्व सीएम हरीश रावत ने मीडिया में बयान जारी कर बताया कि अधिकतर सीटों पर सहमति बन गई है, बस 3 से 4 नामों पर दोबारा मंथन किया जा रहा है। इसके बाद दावा किया गया कि शनिवार को हाईकमान की मुहर लगते ही लिस्ट जारी कर दी जाएगी। शनिवार को जब देर शाम तक कांग्रेस की लिस्ट जारी नहीं हुई तो लोगों ने सोशल मीडिया पर कांग्रेस की लिस्ट को लेकर चुटकी लेना शुरू कर दिया। इतना ही नहीं आम आदमी पार्टी ने भी सोशल मीडिया में कांग्रेस की लिस्ट न आने पर घेरना शुरू कर दिया। आम आदमी पार्टी ने सोशल मीडिया में कांग्रेस की लिस्ट फाइनल होने को कई तरह के कटाक्ष करने शुरू कर दिए। इधर कांग्रेस समर्थकों के अलावा दूसरे लोगों ने भी कांग्रेस की लिस्ट जारी न होने को लेकर कई तरह के चुटकीले मैसेज करने शुरू कर दिए।
हरक प्रकरण तो नहीं देरी की वजह
कांग्रेस में प्रत्याशियों के मंथन का सिलसिला लंबे समय से चल रहा है। हरक प्रकरण से पहले कांग्रेस ने सबसे पहले सूची जारी करने का दावा किया था। लेकिन हरक प्रकरण के बाद कांग्रेसियों का दावा था कि हरक की ज्वाइनिंग के बाद ही लिस्ट जारी होगी। शुक्रवार को जब हरक सिंह रावत ने बहू अनुकृति गुंसाई के साथ कांग्रेस ज्वाइन की तो देर रात तक लिस्ट जारी होने का दावा किया गया। लेकिन जब शनिवार तक भी लिस्ट जारी नहीं हो पाई तो कांग्रेसी समर्थकों ने सूची देर होने का कारण हरक सिंह रावत के चुनाव लड़ने को ही प्रमुख कारण बताया है। हालांकि कांग्रेसी सूत्रों का दावा है कि हाईकमान एक परिवार एक टिकट के फॉर्मूले पर निर्णय ले चुकी है। ऐसे में हरीश रावत और दूसरे दिग्गजों के चुनाव लड़ने पर ही हाईकमान मंथन कर रहा है। उत्तराखंड में एक चरण में 14 फरवरी को मतदान होगा। इसके लिए 21 जनवरी को अधिसूचना जारी हो चुकी है। 28 जनवरी को नामांकन की आखिरी तारीख है। 29 जनवरी को नामांकन की स्क्रूटनी होगी और 31 जनवरी तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। 14 फरवरी को पूरे प्रदेश में वोट डाले जाएंगे। इस तरह से नामाकंन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। जो कि 28 जनवरी तक ही होने हैं। ऐसे में कांग्रेसी उम्मीदवारों की धड़कनें तेज हो रही हैं। कांग्रेस की लिस्ट में देरी होने से भाजपा के प्रत्याशियों को भी मनोवैज्ञानिक बढ़त मिलना तय है। जिसका डर कांग्रेसी दावेदारों को भी है।












Click it and Unblock the Notifications