Uttarakhand weather: बारिश का फिर दौर शुरू, गांधी जयंती और विजयादशमी पर जानिए कैसा रहेगा मौसम का मिजाज
Uttarakhand weather 2 अक्टूबर को गांधी जयंती और विजयादशमी के दिन प्रदेश के नैनीताल, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। देहरादून के कुछ क्षेत्रों में बिजली के चमकने के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
उत्तराखंड में एक बार फिर बारिश का दौर शुरू हो सकता है। बीते कुछ दिनों से मौसम के तेवर तल्ख नजर आने लगे थे, तेज धूप और गर्मी से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। इस बीच मंगलवार देर शाम से मौसम बदला और बारिश से थोड़ा राहत मिल गई है। अब एक दो दिन मौसम इसी तरह का रह सकता है।

बताते चलें कि प्रदेश से मानसून की विदाई हो चुकी है। लेकिन एक बार फिर बारिश से मौसम में बदलाव देखने को मिला है। मंगलवार को प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर चला है। देहरादून के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने से मौसम सुहावना हो गया है।
मौसम का मिजाज बदलने से तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के मुताबिक बुधवार यानी 1 अक्टूबर को भी मौसम विभाग ने नैनीताल, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ स्थानों में गरज के साथ बारिश की चेतावनी दी है। हालांकि, मौसम विभाग ने बुधवार के लिए कोई अलर्ट जारी नहीं किया है।
जबकि, 2 अक्टूबर को गांधी जयंती और विजयादशमी के दिन भी प्रदेश के नैनीताल, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। देहरादून के कुछ क्षेत्रों में बिजली के चमकने के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
उत्तराखंड में मानसून भारी तबाही मचाने के बाद 26 सितंबर को लौट चुका है। इस मानसून सीजन में 22 फीसदी ज्यादा बारिश हुई। सबसे ज्यादा बारिश बागेश्वर जिले में रिकॉर्ड की गई, जहां सामान्य से 241 फीसदी ज्यादा बारिश मिली है। पौड़ी जिले में सबसे कम बारिश हुई। जहां सामान्य से भी 30 फीसदी कम बारिश हुई।












Click it and Unblock the Notifications