Uttarakhand Weather केदारनाथ समेत यहां पड़ी नए साल की बर्फबारी, बढ़ी ठिठुरन, जानिए कहां अब भी इंतजार
Uttarakhand Weather उत्तराखंड में नए साल में मौसम ने करवट बदली है। लंबे इंतजार के बाद पहाड़ों में ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी शुरू हो गई। चमोली के बाद अब रुद्रप्रयाग से भी अच्छी खबर आई है। केदारनाथ में भी नए साल में बर्फबारी होने से लोगों ने राहत की सांस ली है।
शुक्रवार को केदारनाथ में साल की पहली बर्फबारी हुई। क्षेत्र में बर्फबारी से जनपद निवासियों के चेहरे खिल उठे हैं। बर्फबारी के बाद जनपद में मौसम ठंडा हो गया है। गुप्तकाशी में भी दोपहर बाद हल्की बूंदा बांदी हुई। चमोली में भी ऊंचाई वाले इलाकों में इस सीजन की पहली बर्फबारी हो गई है।

बता दें कि इस बार गुरुवार को चोटियों पर कहीं-कहीं हल्के हिमपात के बाद शुक्रवार शाम केदारनाथ, बदरीनाथ, हेमकुंड साहिब, पिथौरागढ़ और बागेश्वर के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हुई। पिथौरागढ़ के मुनस्यारी तहसील के अंतर्गत नंदा देवी, नंदा कोट, त्रिशूल और पंचाचूली की चोटियों पर बर्फबारी होती रही। लिपुलेख, नावीढांग, गुंजी, कुटी और आदि कैलास में भी हल्का हिमपात हुआ।
बागेश्वर जिले के कपकोट तहसील के ऊंचाई वाले इलाकों बोरबलड़ा, खाती तथा वाछम क्षेत्र में हल्की बूंदाबांदी के साथ बर्फबारी हुई। एक तरफ पर्वतीय क्षेत्रों में ऊंचाई वाले कई स्थानों पर बर्फबारी शुरू हो गई है, वहीं मैदानी इलाकों में कोहरा मुसीबत बना हुआ है। जिससे रेलवे और हवाई सेवा प्रभावित हो रही है।
इस बार नवंबर और दिसंबर में वर्षा और बर्फबारी का इंतजार बना रहा। क्रिसमस और नव वर्ष की पूर्व संध्या पर भी सैलानी बर्फबारी का इंतजार करते रहे। अब मौसम ने करवट बदलना शुरू कर दिया है। ताजा बर्फबारी से निचले इलाकों में सर्द हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी है।
हालांकि उत्तरकाशी में बर्फबारी न होने से किसान परेशान है। बर्फबारी न होने से पहाड़ों में सूखी ठंड पड़ रही है। साथ ही किसानों को भी नुकसान हो रहा है। ऐसे में सीजन की अच्छी बर्फबारी का लोग बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। मौसम विभाग ने नए साल पर बर्फबारी की संभावना जताई थी, लेकिन अब तक उत्तरकाशी में कहीं भी बर्फबारी न होने से स्थानीय लोग परेशान हैं। इसका सीधा असर फसलों पर पड़ना तय है।












Click it and Unblock the Notifications