Uttarakhand weather: गंगोत्री नेशनल हाईवे जगह-जगह बंद,देहरादून में घरों में घुसा पानी,आफत की बारिश से परेशान
उत्तराखंड में भारी बारिश एक बार फिर कहर बनकर बरस रही है। उत्तरकाशी से देहरादून और पिथौरागढ़ से नैनीताल जिले तक प्रदेश भर में जगह-जगह भूस्खलन और कई जगह मार्ग अवरुद्ध हो गए हैं।
शहरों में जलभराव से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई है। कई जगह शहर से संपर्क टूट गया है। इसके साथ ही बिजली और पानी की आपूर्ति भी बाधित हो गई है।

मौसम विज्ञान केंद्र की ओर चमोली और बागेश्वर जिले के कुछ इलाकों में भारी से भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। जबकि प्रदेश के अन्य जिलों में भी कई दौर की तेज बारिश होने के आसार हैं। देहरादून में भी बारिश का क्रम जारी है।
इस बार बारिश उत्तरकाशी जिले के लिए आफत बनकर बरसी है। भारी बारिश और भूस्खलन के कारण गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग बिशनपुर, नेताला और सैंज के पास अवरुद्ध हो गया है और यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग डबरकोट में अवरुद्ध है। हालांकि प्रशासन की टीमें मार्ग खुलवाने में जुटा है।
जगह- जगह यात्री फंसे हुए हैं। चमोली में बदरीनाथ हाईवे भी जगह जगह बाधित हो रहा है। नारायणबगड़ में बारिश के कारण थराली के सुनला में ग्वालदम हाईवे तीन घंटे बंद रहा। यहां मलबा गिरने का सिलसिला अभी भी जारी है।
देर रात हुई मूसलाधार बारिश के चलते देहरादून के रायपुर क्षेत्र के शांति विहार स्थित नाले में एकाएक तेज पानी आने से बरसाती पानी लोगों के घरों में घुस गया। लोग सपने घरों से बाहर सड़कों पर निकल गए वही सड़के भी जलमग्न हो गयी। रात भर लोग घर में घुसे पानी को निकालने में जुटे रहे।
उधर रात भर बिजली भी गुल रही जिस कारण लोगों को परेशानियां दो गुनी हो गई। इस बीच पुलिस प्रशासन की ओर से लाउड स्पीकर के जरिये नदी किनारे रह रहे लोगों को सुरक्षित स्थान पर जाने की हिदायत भी दे रही है। देहरादून में अब भी मौसम खराब है और रुक रुक कर बारिश हो रही है।
जौलीग्रांट भानियावाला- ऋषिकेश मुख्य मार्ग पर स्थित भानियावाला मुख्य बाजार में थानो वन रेंज के बरसाती नाले का पानी घुसने से बाढ़ जैसे हालात हो गए। जिस कारण मुख्य मार्ग पर वाहनों को आवाजाही करने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।












Click it and Unblock the Notifications