उत्तराखंड में 13 से 16 मई तक उत्तराखण्ड श्री अन्न (मिलेट) महोत्सव का आयोजन, ये रहेगा आकर्षण
13 से 16 मई उत्तराखण्ड श्री अन्न (मिलेट) महोत्सव का आयोजन हो रहा है। श्री अन्न फसलों के प्रचार-प्रसार के लिए सर्वे ऑफ इण्डिया, हाथीबडकला, देहरादून में कार्यक्रम आयोजित होगा।

उत्तराखंड में 13 से 16 मई चार दिवसीय उत्तराखण्ड श्री अन्न (मिलेट) महोत्सव का आयोजन हो रहा है। श्री अन्न फसलों के प्रचार-प्रसार के लिए सर्वे ऑफ इण्डिया, हाथीबडकला, देहरादून में कार्यक्रम आयोजित होगा। कृषि मंत्री गणेश जोशी ने बताया कि महोत्सव में मिलेट से सम्बन्धित कुल 134 स्टॉल लगाये जायेंगे। साथ ही फूड कोर्ट का स्टॉल भी लगाया जा रहा है। जिसमें मिलेट से सम्बन्धित विभिन्न प्रकार के खाद्य पदार्थ उपलब्ध होंगे। इसके अतिरिक्त महोत्सव में श्री अन्न केन्द्रित चर्चाऐं, वैज्ञानिक सत्र, सम्बन्धित संस्थानों, कृषि विश्वविद्यालयों और स्टार्टअप द्वारा प्रस्तुतियां भी प्रदान की जायेगी।
केंद्रीय कृषि मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर, मुख्य अतिथि
श्री अन्न महोत्सव के उद्घाटन कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर, मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग करेंगे। 14 मई को केन्द्रीय राज्य कृषि मंत्री कैलाश चौधरी शामिल होंगे। इसके अतिरिक्त उत्तर प्रदेश, हरियाणा, मध्य प्रदेश के कृषि मंत्री भी विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। इस कार्यक्रम में पूरे प्रदेश से लगभग 10 हजार कृषकों द्वारा कृषि विभाग के माध्यम से प्रतिभाग कराया जा रहा है एवं इण्डियन इन्स्टिटयूट ऑफ मिलेट रिसर्च ऑफ हैदराबाद, प्रदेश के सरकारी एवं गैर-सरकारी कृषि विश्वविद्यालय / कालेजों के विद्यार्थियों, ग्राम्य विकास के कृषक समूहों, प्रमुख होटल व्यवसायी, स्टार्टअप आदि द्वारा प्रतिभाग किया जा रहा है।
रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी
इसके अतिरिक्त श्री अन्न महोत्सव में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किये जायेंगे जिसमें उत्तराखण्ड के प्रसिद्ध लोक कलाकारों जैसे नरेन्द्र नेगी, सौरभ मैठाणी, प्रीतम भरतवाण, माया उपाध्याय सहित कई कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जायेंगी। इसके अतिरिक्त अनन्त गोपाल संगीत मंच एवं पर्वतीय रंगमंच, पौड़ी द्वारा मिलेट पर नाट्य मंचन एवं स्वागत गीत प्रस्तुत किया जायेगा। मंत्री ने कहा कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण के रूप में उत्तराखण्ड के मोटे अनाज ( मिलेट) से सम्बन्धित उत्पादों की प्रदर्शनी, उत्तराखण्ड के प्रमुख समूहों द्वार मिलेट उत्पाद व अन्य उत्पादों का प्रदर्शन, स्टार्टअप के द्वारा उत्पादों का प्रर्दशन, प्रदेश के प्रमुख होटलों द्वारा फूड फेस्टिवल एंव प्रदेश के प्रमुख लोक-कलाकारों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम की झांकिया रहेंगी। श्री अन्न महोत्सव में 13 मई को मिलेट फसलों पर तकनीकि सत्र भी आयोजित किया जायेगा। तथा 14 मई को मिलेट फसलों के सम्बन्ध में उद्यमिता सत्र आयोजित किया जायेगा और 15 मई को ग्राम्य विकास विभाग / एन0आर0एल0एम0 से सम्बन्धित कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे। तथा 16 मई को कार्यक्रम का समापन समारोह आयोजित किया जायेगा।
Recommended Video













Click it and Unblock the Notifications