Uttarakhand news: भारी बारिश से नदी नाले उफान पर, बरसाती नाले में पर्यटकों की फॉर्च्यूनर कार बही, ऐसी बची जान
पहाड़ से लेकर मैदान तक लगातार बारिश के चलते नदी-नाले उफान पर हैं। नैनीताल जिले के चोरगलिया थाना क्षेत्र अंतर्गत शेरनाले में पर्यटकों की फॉर्च्यूनर कार बह गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस और मजदूरों ने सभी लोगों को रेस्क्यू कर सकुशल बाहर निकाला। घटना में कुछ पर्यटकों को मामूली चोटें आई हैं।
जानकारी के मुताबिक हल्द्वानी-सितारगंज मार्ग पर चोरगलिया थाना क्षेत्र के शेरनाले में भारी पानी आ गया। जिसके चलते देर रात अल्मोड़ा जागेश्वर धाम से पीलीभीत उत्तर प्रदेश को लौट रहे पर्यटकों की फॉर्च्यूनर कार नाले के तेज बहाव में बह गई। फॉर्च्यूनर कार में 10 पर्यटक सवार थे।

बताया जा रहा है कि चालक को नाला पार करने से मना किया, उसके बावजूद भी चालक ने नाले में कार डाल दी। जिसके बाद तेज बहाव में कार बहने लगी। कार बहता देख मजदूरों ने इसकी सूचना पुलिस को दी, मौके पर पहुंची पुलिस ने मजदूरों की सहायता से कार में फंसे सभी 10 लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू किया।
बताया जा रहा है कि कार बहते हुए पत्थर पर रुक गई। इस दौरान सभी पर्यटक कार से बाहर निकल कर कार के ऊपर चढ़ गए, जिसके चलते उनकी जान बच गई। सभी पर्यटक पीलीभीत उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। पहाड़ों पर पिछले 24 घंटे से रुक-रुक कर हो रही मैदानी क्षेत्र के नदी नाले उफान पर हैं।
रेस्क्यू किए गए लोगों के नाम-
- अमन कश्यप
- चालक राहुल कश्यप
- टीटू दिवाकर
- मनीष लोधी
- रमेश चन्द्र
- चन्द्र सैन
- अंकित कटियार
- करन लोधी
- रोहित कश्यप
- अभिमन्यु
नदी किनारे फंसे तीन युवकों को सकुशल रेस्क्यू किया गया
पौड़ी के सतपुली में SDRF उत्तराखंड द्वारा नदी किनारे फंसे तीन युवकों को सकुशल रेस्क्यू किया गया। मिली जानकारी के अनुसार थाना सतपुली से सूचना प्राप्त हुई कि दंगलेश्वर महादेव के समीप नदी के किनारे तीन युवक फंसे हुए हैं। सूचना पर SI सुरेंद्र सिंह के नेतृत्व में SDRF टीम आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुई। SDRF टीम द्वारा घटनास्थल पर पहुँचकर त्वरित एवं सटीक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। टीम ने रोप रिवर क्रॉसिंग तकनीक का प्रयोग करते हुए तीनों व्यक्तियों को सकुशल नदी पार कराकर सुरक्षित स्थान पर पहुँचाया गया।
युवकों का विवरण:-
- अंकित ज़ख्मोला सन ऑफ़ देवी प्रसाद, 29 वर्ष, निवासी यमकेश्वर, पौड़ी।
- शुभम सेमवाल सन ऑफ शिव कुमार, 30 वर्ष, निवासी बारसोली हरिद्वार।
- गुरजोत सन ऑफ़ तेज सिंह, 29 वर्ष, निवासी ज्वालापुर हरिद्वार।
बाइक सवार कांवड़िया अनियंत्रित होकर खाई में गिरा
जोशीमठ में हेंलग के पास एक बाइक सवार कांवड़िया अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया है। जिसके बाद एसडीआरएफ घटनास्थल पर पहुंची। दुर्घटनाग्रस्त कांवड़िये की मौके पर ही मृत्यु हो चुकी थी। SDRF टीम द्वारा अत्यंत विषम परिस्थितियों में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर शव को खाई से बाहर निकाला गया तथा जिला पुलिस के सुपुर्द किया गया।












Click it and Unblock the Notifications