Uttarakhand news: उत्तरकाशी में नहीं टला अभी खतरा, हरसिल घाटी में यहां भूस्खलन से बनीं दो झीलें, दहशत में लोग
Uttarakhand news: उत्तरकाशी में आई धराली आपदा को एक माह पूरा हो गया है। आपदा ने पूरा धराली गांव तबाह कर दिया। धराली में तबाही का असर हरसिल घाटी में भी हुआ। जिसका असर अभी भी आपदा के एक माह तक नजर आ रहा है। अभी भी लोगों के अंदर डर बना हुआ है।
स्थानीय लोगों का मानना है कि बीते 5 अगस्त को धराली के साथ ही तीन जगह इसका असर हुआ था। जिसमें हरसिल घाटी भी शामिल है। इस बीच एक नई घटना ने लोगों को फिर से दहशत में डाल दिया है। ऐसे में उत्तरकाशी जिले की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही है।

उत्तरकाशी तेलगाड के मुहाने के पास भूस्खलन से दो झीलें बन गई है। जिसका खुलासा सेना के ड्रोन से हुआ है। एसडीआरएफ मौके पर पहुंचने की कोशिश कर रही है, लेकिन खराब मौसम बाधा बन रहा है। हर्षिल की तेलगाड के मुहाने के पास बृहस्पतिवार को हुए भूस्खलन के कारण दो छोटी-छोटी झीलें बन गई हैं। हालांकि इन झीलों का आकार अभी बहुत बड़ा नहीं है लेकिन ये भविष्य में खतरे का कारण बन सकती हैं।
पांच अगस्त को तेलगाड के ऊफान पर आने के कारण पानी के साथ करीब 15 फीट मलबा बह कर आया था। उसमें सेना के करीब 9 जवान लापता हो गए थे और सैन्य कैंप को बहुत नुकसान हुआ था। हालांकि उन लापता में से एक सैनिक का शव मिल चुका है। तेलगाड में आए मलबे ने भागीरथी नदी का प्रवाह रोक दिया था। इस कारण भागीरथी नदी में करीब एक से डेढ़ किमी लंबी झील बन गई थी।
बता दें कि बीते कुछ दिनों से हरसिल के लोग दहशत में हैं। बृहस्पतिवार को हुए भूस्खलन की जोरदार आवाज सुनकर हर्षिल और आस-पास के क्षेत्रों में दहशत फैल गई थी। मलबा और बड़े बोल्डर आने से तेलगाड का बहाव भी कम हो गया था। एसडीआरएफ की टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचने की कोशिश की लेकिन खराब मौसम के कारण वे सफल नहीं हो पाए।
सेना ने अपने उच्च तकनीक वाले ड्रोन से क्षेत्र की तस्वीरें और वीडियो लिए जिसमें भूस्खलन वाले स्थान पर दो छोटी झीलें साफ नजर आईं। सेना के ड्रोन फुटेज में तेलगाड में भूस्खलन स्थल के पास दो झीलों की तस्वीरें मिली हैं जिनका आकार अभी अधिक बड़ा नहीं है। तेलगाड का बहाव फिलहाल शांत है। एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचने की कोशिश कर रही हैं ताकि स्थलीय निरीक्षण कर स्थिति का सही आकलन किया जा सके।












Click it and Unblock the Notifications