Uttarakhand news: अनुपूरक बजट,खेल विश्वविद्यालय विधेयक समेत सात विधेयक पास,सत्र अनिश्चितकाल के लिए स्थगित
उत्तराखंड विधानसभा के गैरसैण में आयोजित हुए मानसून सत्र के तीसरे दिन अनुपूरक बजट, सात विधेयक पास कर अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दिया गया।
विपक्ष की गैरमौजूदगी में 5013.05 करोड़ का अनुपूरक बजट, सात विधेयक पारित किए। वहीं, दो विधेयकों उत्तराखंड (उत्तर प्रदेश) नगर निगम अधिनियम, 1959 संशोधन विधेयक और राज्य विवि विधेयक प्रवर समिति को भेज दिया गया। विपक्ष ने आपदा के मुद्दे पर सदन के बाहर और अंदर हंगामा किया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गैरसैण में आयोजित विधानसभा सत्र की समाप्ति के बाद कहा कि सदन में कई विधेयकों के साथ अनुपूरक बजट पर चर्चा हुई तथा उन्हें स्वीकृति प्रदान की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में युवाओं, खिलाडियों एवं छात्रों के व्यापक हित में अनेक प्रभावी निर्णय लिये गये है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भविष्य में राज्य के किसी भी क्षेत्र में बनभूलपुरा जैसी घटना न हो, आपसी भाईचारा व अमन चैन बना रहें तथा दंगा, तोड-फोड के साथ सरकारी व निजी सम्पत्ति का नुकसान न हो इसके लिए लोक तथा निजी सम्पत्ति क्षति वसूली विधेयक को मंजूरी दी गई है। अब सम्पतियों के नुकसान की भरपाई दंगाईयों से ही की जायेगी।
उत्तराखंड विधानसभा के गैरसैण में आयोजित हुए मानसून सत्र में खेल विश्वविद्यालय विधेयक प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई। इस मौके पर खेल मंत्री रेखा आर्या ने खुशी जाहिर करते हुए इसे, प्रदेश के लिए खेल के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक दिन बताया।
खेल मंत्री ने बताया कि स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी एक्ट बन जाने के बाद हमारे लिए स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी खोलने में हमे काफी आसानी हो जाएगी और उत्तराखंड उन चुनिंदा राज्यों में शामिल हो जाएगा जहां अपनी स्वयं की स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी है। इसके अतिरिक्त स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी के लिए भूमि स्थानांतरण की प्रकिया भी जारी है और उम्मीद जताई जा रही है कि भारत सरकार जल्द ही भूमि स्थानांतरण को लेकर अपनी सहमति दे देगी।
ये विधेयक हुए पारित
उत्तराखंड( उत्तर प्रदेश नगर पालिकाअधिनियम 1916)संशोधन विधेयक 2024
उत्तराखंड लोक तथा निजी संपत्ति क्षति वसूली विधेयक 2024
उत्तराखंड राज्य विधानसभा विविध संशोधन विधेयक 2024
उत्तराखंड ( उत्तर प्रदेश जमींदारी विनाश और भूमि व्यवस्था अधिनियम 1950)संशोधन विधेयक
उत्तराखंड राज्य क्रीड़ा विश्वविद्यालय विधेयक 2024
उत्तराखंड कामगार और सुधारात्मक सेवाएं विधेयक 2024
उत्तराखंड विनियोग विधेयक 2024












Click it and Unblock the Notifications