Uttarakhand news: धर्मपुर विधानसभा सीट पर बीजेपी के लिए 'धर्म संकट', विधायक के खिलाफ पार्टी में ही छिड़ी बगावत
उत्तराखंड में बीजेपी विधायकों का स्थानीय कार्यकर्ता ही करने लगे विरोध
देहरादून, 11 सितंबर। उत्तराखंड में एक तरफ सत्ताधारी बीजेपी कांग्रेस समेत दूसरे दलों में सेंधमारी का काम कर रही है। वहीं दूसरी तरफ बीजेपी के अपने ही विधायकों के क्षेत्र में कार्यकर्ताओं के बगावती तेवर नजर आ रहे हैं। रायपुर विधायक उमेश शर्मा काऊ का मामला अभी ठंडा भी नहीं हुआ कि धर्मपुर विधायक विनोद चमोली के खिलाफ स्थानीय कार्यकर्ताओं ने झंडा बुलंद कर दिया है। धर्मपुर विधानसभा में श्यामा प्रसाद मुखर्जी मंडल की अध्यक्ष पूनम ममगाईं समेत तीन ने विधायक के रवैये से नाराज होकर अपना इस्तीफा महानगर अध्यक्ष सीताराम भट्ट को सौंप दिया है। इसके बाद बीजेपी के अंदर बगावत को लेकर पार्टी की मुश्किलें बढ़ने लगी हैं।

विधायकों के खिलाफ कार्यकर्ताओं में नाराजगी
उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव चुनाव को लेकर अब कम ही समय बचा हुआ है। ऐसे में बीजेपी सत्ता में दोबारा वापसी को लेकर कई तरह की रणनीति पर काम कर रही है। विधायकों को चुनावी मैदान में उतारने के साथ ही बीजेपी अपने कार्यकर्ताओं को भी एकजुट रखने में जुटी है। लेकिन चुनावी साल में बीजेपी के लिए विधायक और कार्यकर्ताओं के बीच खींचतान बढ़ने लगी है। हाल ही में रायपुर विधायक उमेश शर्मा काऊ का अपने ही कार्यकर्ता के साथ विवाद का वीडियो वायरल हुआ। जो कि दिल्ली हाईकमान के दरबार तक पहुंचा। इसके बाद कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में आए विधायकों की एकजुटता और बीजेपी छोड़ने की खबरें सोशल मीडिया में खूब वायरल हुई। बीजेपी का अभी ये प्रकरण शांत भी नहीं हुआ और धर्मपुर के विधायक विनोद चमोली के खिलाफ बीजेपी कार्यकर्ताओं ने बगावत कर दी। श्यामा प्रसाद मुखर्जी मंडल अध्यक्ष पूनम ममगाईं के साथ ही मंडल उपाध्यक्ष अनुज वालिया और महामंत्री जितेंद्र रावत ने भी दिया अपना इस्तीफा सौंपा है। उन्होंने विधायक चमोली पर कार्यकर्त्ताओं से अभद्रता करने का आरोप लगाया है।
पार्टी सर्वे में खतरे में चमोली की सीट
धर्मपुर विधायक विनोद चमोली के खिलाफ बगावत का यह सिलसिला लंबे समय से चल रहा है। धर्मपुर सीट पर विनोद चमोली के खिलाफ बीजेपी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता गंभीर आरोप लगा चुके हैं। विनोद चमोली के व्यवहार से नाराज होकर कई कार्यकर्ता चमोली के खिलाफ मोर्चा खोल चुके हैं। पार्टी के अपने स्तर से किए गए सर्वे में भी विनोद चमोली की सीट खतरे में बताई गई है। विनोद चमोली ने अपनी विधानसभा में आयोजित हुए कई कार्यक्रमों में अपने खिलाफ साजिश होने की बात खुलकर की थी। ऐसे में कार्यकर्ता चमोली के टिकट कटने और दूसरे विधानसभा सीट से लड़ाने की बात भी करने लगे है। जिसको लेकर चमोली और कार्यकर्ताओं में कई बार बहस और विवाद की खबरें सामने आ चुकी हैं। पार्टी कार्यकर्ताओं की नाराजगी के बाद एक बार फिर से विनोद चमोली के लिए धर्मपुर सीट पर दावेदारी धर्मसंकट में पड सकती हैा हालांकि विधायक विनोद चमोली ने इस मामले में अब तक चुप्पी साधी हुई हैा विधायक का कहना है कि वे अपनी बात पार्टी फोरम में ही रखेंगेे और पार्टी अपने स्तर से इस मामले में कार्रवाई कर रही हैा
विधायक विनोद चमोली ने कहा कि-
जो भी बात है, पार्टी फोरम में रखी जाएगी। मैं पार्टी का एक कार्यकर्ता हूं। पार्टी अपने स्तर से इस प्रकरण को देख रही है।












Click it and Unblock the Notifications