Uttarakhand news: CM धामी ने किया 5315 करोड़ रुपये का अनुपुरक बजट पेश, विपक्ष ने किया हंगामा, 9 विधेयक भी पेश
Uttarakhand news: उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी भराड़ीसैंण में मानसून सत्र के पहले दिन सरकार ने 5315 करोड़ रुपये का अनुपुरक बजट पेश किया। इसके साथ ही नौ विधेयक भी पेश हुए। विपक्ष ने सदन में जमकर हंगामा किया। कानून व्यवस्था को लेकर विपक्ष ने सदन में जमकर नारेबाजी और बेल में आकर मेज पलटने के साथ ही कागज फाड दिए।
विपक्ष ने 310 के तहत कानून व्यवस्था पर चर्चा की मांग की। जिसके बाद स्पीकर ने सत्र को कल सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया। बार-बार हंगामे के बीच सदन की कार्यवाही को सात बार स्थगित करना पड़ा। इस दौरान विपक्ष सरकार पर हमलावर नजर आया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि 5315 करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास' के मंत्र को आत्मसात करते हुए तैयार किया गया है। यह बजट केवल आंकड़ों का दस्तावेज़ नहीं, बल्कि सतत विकास, समावेशी विकास, नवाचार और आर्थिक सुदृढ़ता की दिशा में हमारा संकल्प है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा फोकस राज्य की मानव पूंजी में निवेश और हर वर्ग के समावेशी विकास पर है। किसानों, श्रमिकों, गरीबों, महिलाओं, युवाओं, सुरक्षा बलों और पत्रकारों सहित सभी वर्गों के कल्याण को ध्यान में रखते हुए यह बजट तैयार किया गया है। राज्य में विद्युत टैरिफ सब्सिडी, स्वास्थ्य योजनाओं, प्रधानमंत्री आवास योजना, पुलिसकर्मियों के आवास, तीमारदारों के विश्राम गृह और शहीद व पत्रकार कल्याण कोष के लिए समुचित प्रावधान किए गए हैं।
धामी ने कहा कि हमारी सरकार ने आपदा न्यूनीकरण और पर्यावरणीय संतुलन को भी प्राथमिकता दी है, ताकि 'इकोलॉजी' और 'इकोनॉमी' के बीच संतुलन बना रहे। भू-धसाव, भूकंप जोखिम, स्प्रिंग मैपिंग, और आपदा राहत के लिए प्रभावी बजटीय प्रावधान किए गए हैं। बुनियादी ढांचे के विकास की दिशा में रिस्पना-बिन्दाल एलिवेटेड रोड, पंतनगर एयरपोर्ट विस्तार, कुंभ मेला अवसंरचना, तथा पर्यटन विकास को भी विशेष महत्व दिया गया है।
धामी ने कहा कि हम ऋषिकेश को योग नगरी और हरिद्वार को आध्यात्मिक पर्यटन नगरी के रूप में विकसित करने को प्रतिबद्ध हैं। साथ ही, नन्दा राजजात यात्रा और शारदा रिवर फ्रंट जैसे सांस्कृतिक व धार्मिक आयोजनों को भी सशक्त किया जा रहा है।
नौ विधेयक सदन पटल पर रखे गए
- उत्तराखंड विनियोग 2025-26 का अनुपूरक विधेयक 2025
- उत्तराखंड उत्तर प्रदेश श्री बदरीनाथ तथा श्री केदारनाथ मंदिर अधिनियम 1939 संशोधन विधेयक 2025
- उत्तराखंड धर्म स्वतंत्रता एवं विधि विरुद्ध प्रतिषेध संशोधन विधेयक 2025
- उत्तराखंड निजी विश्वविद्यालय संशोधन विधेयक 2025
- उत्तराखंड साक्षी संरक्षण निरसन विधेयक 2025
- उत्तराखंड अल्पसंख्यक शिक्षा विधेयक 2025
- समान नागरिक संहिता उत्तराखंड संशोधन विधेयक 2025
- उत्तराखंड पंचायती राज संशोधन विधेयक 2025
- उत्तराखंड लोकतंत्र सेनानी सम्मान विधेयक 2025












Click it and Unblock the Notifications