Uttarakhand News: सीएम धामी ने ली चार धाम यात्रा की समीक्षा बैठक, अधिकारियों को दिए मॉनिटरिंग के निर्देश
Uttarakhand News: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को सचिवालय में चार धाम यात्रा की व्यवस्थाओं को लेकर समीक्षा बैठक की है। इस दौरान सीएम धामी ने चार धाम यात्रा से जुड़े जनपदों के जिला अधिकारियों से व्यवस्थाओं को लेकर फीडबैक लिया। मुख्यमंत्री धामी बड़कोट जाकर ग्राउंड जीरो से यमुनोत्री धाम की व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं।
सीएम धामी ने चार धाम यात्रा में श्रद्धालुओं की सुविधा के दृष्टिगत और यात्रा को सुगम बनाने के लिए स्वयं मोर्चा संभाल रखा है। मुख्यमंत्री ने चार धाम यात्रा से जुड़े सभी विभागों के सचिवों को निर्देश दिए हैं कि वह लगातार चार धाम यात्रा मार्गों पर अपने विभागों से संबंधित सभी व्यवस्थाओं को देखें और विभागों के उच्च अधिकारियों को भी मौके पर भेजें। उन्होंने कहा की यात्रा व्यवस्थाओं में सभी अधिकारी चार धाम यात्रा से जुड़े जनपदों के जिलाधिकारी और एसपी का पूरा सहयोग करें। यात्रा व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सीएम धामी ने निर्देश दिए कि यात्रियों को जिन स्थानों पर ठहरने की व्यवस्थाएं की गई है। यह सुनिश्चित किया जाए कि उन स्थानों पर सभी मूलभूत सुविधाएं पेयजल विद्युत शौचालय खान-पान और बच्चों के लिए दूध और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रहे। उन्होंने निर्देश दिए की चार धाम पैदल मार्गों पर श्रद्धालुओं को पेयजल एवं अन्य सुविधाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हो।
यात्रा के दौरान भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधा के दृष्टिगत आवश्यकता अनुसार वैकल्पिक मार्गो की व्यवस्था की जाए और श्रद्धालुओं को इन मार्गों के बारे में जानकारी भी दी जाए। सचिव परिवहन को मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि वाहनों की फिटनेस का विशेष ध्यान रखा जाए।
उन्होंने कहा कि बिना फिटनेस के कोई वाहन यात्रा मार्ग पर चल रहे हैं तो इसके लिए संबंधित परिवहन अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि रजिस्ट्रेशन के अनुसार ही श्रद्धालुओं को चार धाम यात्रा पर भेजा जाए। ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन को फिलहाल स्थगित रखा जाए।
सीएम धामी ने जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग से केदारनाथ यात्रा के बारे में जानकारी ली। रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी सौरभ गहरवार ने अवगत कराया कि केदारनाथ में यात्रा सुचारू रूप से चल रही है। आज अभी तक केदारनाथ में 11 हजार श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। पैदल मार्ग से 8 हजार यात्री दर्शन के लिए गए हैं। ठहरने वाले स्थान पर श्रद्धालुओं के लिए सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही है।
उन्होंने कहा कि सीसीटीवी कैमरा के माध्यम से यात्रा मार्ग पर वाहनों के आवागमन की व्यवस्थाओं की कंट्रोल रूम से निगरानी की जा रही है। यातायात प्रबंधन के लिए यात्रा मार्ग पर प्रयाग पुलिस बल की व्यवस्था की गई है। जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग ने कहा कि उन्होंने गुरुवार की रात्रि को रुद्रप्रयाग से गौरीकुंड तक यात्रा की व्यवस्थाओं को देखा।
उत्तरकाशी के जिलाधिकारी डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट ने गंगोत्री और यमुनोत्री धाम की यात्रा के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि आज गंगोत्री धाम में 11 हजार और यमुनोत्री धाम में 10 हजार श्रद्धालुओं के दर्शन के करने की संभावना है। श्रद्धालुओं के लिए जिन स्थानों पर ठहराव की व्यवस्था की गई है। वहां पर सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही है।
उत्तरकाशी के एसपी ने कहा कि कुछ लोग फर्जी रजिस्ट्रेशन वाले पाए गए हैं। जिन पर कार्रवाई की जा रही है। जिलाधिकारी चमोली हिमांशु खुराना ने कहा कि बद्रीनाथ यात्रा सुचारू रूप से चल रही है। आगामी सप्ताह में अवकाश के दृष्टिगत श्रद्धालुओं की संख्या में वृद्धि को देखते हुए सभी व्यवस्थाएं की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications