नैनीताल में बादल फटा,बदरीनाथ धाम में अलकनंदा का जलस्तर बढ़ा, पूरे उत्तराखंड में मानसून की बारिश से ये हैं हाल
उत्तराखंड में मानसून जमकर बरस रहा है। नैनीताल में बादल फटने की सूचना है। बदरीनाथ धाम में अलकनंदा का जलस्तर बहुत ज्यादा बढ़ा है।
कुमांऊ में जमकर बारिश हो रही है, रेड अलर्ट भी जारी हुआ है। देहरादून, पौड़ी,टिहरी,हरिद्वार समेत कई जिलों में बारिश का क्रम जारी है। इस बीच भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।

जुलाई की शुरूआत से ही मानसून की बारिश जोर पकड़ रही है। मध्य रात्रि से प्रदेश भर के कई इलाकों में बारिश हो रही है। बदरीनाथ धाम में अलकनंदा का जलस्तर बहुत ज्यादा बढ़ गया है। बाढ़ में बदरीनाथ धाम में मास्टर प्लान के कार्यों के लिए बनाया गया वैकल्पिक मार्ग भी बह गया है। अलकनंदा नदी में आई बाढ़ के बाद तप्तकुंड को श्रद्धालुओं के लिए खाली करा दिया गया है।
देर रात तक बदरीनाथ धाम में लगातार माइक से अनाउंस किया जा रहा है कि कोई भी नदी किनारे न जाए।देहरादून समेत कई जिलों में जमकर बारिश हो रही है। मंगलवार के लिए कुमांऊ मंडल में कहीं-कहीं भारी से अत्यंत भारी वर्षा को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान नैनीताल, बागेश्वर, चंपावत, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़ एवं ऊधमसिंह नगर में कहीं-कहीं भारी से अत्यंत भारी वर्षा हो सकती है।
वहीं, गढ़वाल मंडल के देहरादून, पौड़ी और टिहरी, हरिद्वार में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा होने का अनुमान है। चारों जनपदों में आरेंज अलर्ट जारी किया गया है। चमोली और रुद्रप्रयाग जनपदों में भारी वर्षा होने से कई मार्ग अवरुद्ध हो गए हैं।
देहरादून से टिहरी को जोड़ने वाला मालदेवता-सेरकी गांव मार्ग मलबा आने से सुबह नौ बजे से अवरुद्ध हुआ। नैनीताल में बादल फटने की सूचना है। रविवार रात 12 बजे अचानक भीषण पानी बरसना शुरू हुआ। नाले उफान पर आ गए और सड़कें जलमग्न हो गई। हल्द्वानी मार्ग, कालाढूंगी व भवाली मार्ग में कई स्थानों में मलबा आ गया। इसकी वजह से सुबह करीब दो घंटे हल्द्वानी-नैनीताल व कालाढूंगी-नैनीताल मार्ग करीब दो घंटे बाधित रहा।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार मंगलवार से कुमाऊं के लगभग सभी जनपदों में भारी से अत्यंत भारी वर्षा हो सकती है। जिसके अगले तीन दिन तक जारी रहने का अनुमान है। इस दौरान गढ़वाल मंडल के दून सहित चार जनपदों में आरेंज अलर्ट जारी किया गया है। पांच व छह जुलाई को कम वर्षा हो सकती है।
भारी बारिश के रेड अलर्ट को देखते हुए जिला प्रशासन ने उत्तराखंड के 5 जिलों में अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, नैनीताल, बागेश्वर, और चंपावत में पहली से 12वीं तक के स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र आज मंगलवार को बंद रखे गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications