कांवड़ पर चढ़ा सियासी रंग, कैबिनेट मंत्री की 25 किमी पैदल यात्रा, भाजपा नेता मोदी धामी की फोटो लेकर निकले कांवड़
उत्तराखंड: कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य की 25 किमी कांवड़ यात्रा
देहरादून 26 जुलाई। मंगलवार को शिवरात्रि पर उत्तराखंड में कई कांवड़ियों ने कांवड़ यात्रा पूरी कर जलाभिषेक किया। इस दौरान कांवड़ यात्रा पर राजनीति का रंग भी चढ़ा हुआ नजर आया। एक तरफ बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ के संदेश के साथ उत्तराखंड की महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास, खेल, खाद्य मंत्री रेखा आर्य ने कांवड़ यात्रा की जो कि 25 किमी की हरिद्वार में हर की पैड़ी से जल भरकर ऋषिकेश में वीरभद्र महादेव मंदिर में जलाभिषेक के साथ पूरी हुई। उधर हरिद्वार से सहसपुर तक भाजपा के प्रवक्ता की कांवड़ यात्रा भी आकर्षण का केन्द्र रही। जिसमें पीएम मोदी और सीएम धामी की फोटो लगी हुई थी।

कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने 25 किमी पैदल कांवड़ यात्रा की
मंगलवार को शिवरात्रि पर उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने 25 किमी पैदल कांवड़ यात्रा की। हर की पैड़ी हरिद्धार में विधिवत पूजा अर्चना के बाद उन्होंने 25 किमी की पैदल कांवड़ यात्रा की जो कि ऋषिकेश में वीरभद्र महादेव मंदिर में जलाभिषेक के साथ पूरी हुई। इस दौरान उनके साथ भाजपा के विधायक, महिला मोर्चा और पार्टी के अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान रेखा आर्य ने कहा कि मुझे भी जन्म लेने दो शिव के माह में शक्ति का संकल्प कांवड़ यात्रा के तहत हरिद्वार हर की पौड़ी से संत महात्माओं के आशीर्वाद के साथ लैंगिक असमानता को समाप्त करने को लेकर 25 किलोमीटर की पैदल कांवड़ यात्रा की। उन्होंने कहा कि सभी से निवेदन है कि कृपा बेटियों के प्रति समाज मे फैली छोटी सोच को खत्म करें और उन्हें भी इस समाज मे वही हक दें जो कई लोग बेटों के प्रति रखते हैं।
पीएम मोदी और सीएम धामी की फोटो आकर्षण का केन्द्र रही कांवड़
उधर भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता नवीन ठाकुर ने हरिद्वार से सहसपुर तक कांवड़ यात्रा की। जिसमेें पीएम मोदी और सीएम धामी की फोटो आकर्षण का केन्द्र रही। मंगलवार को सावन की शिवरात्रि के अवसर पर ब्रह्ममुहूर्त में किये जाने वाले हरिद्वार गंगा स्नान के लिये सोमवार शाम को सहसपुर के महादेव प्राचीन शिव मंदिर से शिव भक्तों का एक दल हरिद्वार के लिये रवाना हुआ जिसकी अगुवाई भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता नवीन ठाकुर ने की सहसपुर के स्थानीय लोगों ने धूमधाम के साथ सहसपुर बाजार में महिलाओं की शोभायात्रा निकालते हुए शिवभक्तो को हरिद्वार के लिये रवाना किया। जिसके बाद मंगलवार को कांवड़ लेकर लौटी यात्रा का स्थानीय लोगों ने महादेव प्राचीन शिव मंदिर सहसपुर में स्वागत किया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य मंत्री पुष्कर सिंह धामी के तस्वीर लगी नवीन ठाकुर की कांवड़ झांकी हरिद्वार से लेकर सहसपुर तक आकर्षण का केंद्र रही। युवाओं ने नवीन ठाकुर की मोदी धामी की कांवड़ झांकी के साथ जगह जगह सेल्फी ली। वहीं इस मौके पर नवीन ठाकुर ने बताया कि इस वर्ष की कांवड़ यात्रा पूरे देश में इतिहास रचने जा रही है। उत्तराखण्ड व उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और योगी आदित्य नाथ के नेतृत्व में कांवड़ का शानदार आयोजन किया जा रहा है। कहा की उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कावड़ यात्रियों का स्वागत चरण धुलाकर और हेलीकॉप्टर से कावड़ियों पर पुष्प वर्षा कर सबका दिल जीत लिया है जो लाखों करोड़ों शिव श्रद्दालुओ के लिये एक सुखद एहसास है।
कांवड़ ले जाने पर राजनीति भी
भाजपा ने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा की मातृ शक्ति के कांवड़ लाने और जलाभिषेक पर की गयी टिप्पणी की आलोचना करते हुए बेहद अमर्यादित अपमानजनक व निंदनीय बताया है। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने महिलाओं को लेकर इस अशोभनीय बयान के लिए माहरा से सार्वजनिक माफी की मांग की है। चौहान ने आरोप लगाया कि करन माहरा समेत अधिकांश कांग्रेसी नेता अपने आलाकमान को खुश करने के लिए हिंदुओं के अपमान का कोई मौका नहीं छोड़ना चाहते । चौहान ने कहा कि कोई भक्ति भाव से अपने आसपास एवं समाज से लोगों को कांवड़ यात्रा में शामिल होने की अपील करता है तो उस पर राजनैतिक टीका टिप्पणी करना किसी भी तरह से उचित नहीं ठहराया जा सकता है ।












Click it and Unblock the Notifications