उत्तराखंड कांग्रेस उपाध्यक्ष अकील अहमद 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित
देहरादून, 29 मार्च। एक बड़ी खबर उत्तराखंड से है, यहां के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की हार के बाद पार्टी के अंदर की कलह खुलकर सामने आ गई है। नेताओं के बीच आपसी फूट दिखने लगी है ,आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है कि इसी बीच उत्तराखंड कांग्रेस उपाध्यक्ष अकील अहमद को 'मीडिया में लगातार अनावश्यक बयान देने' और पार्टी विरोधी टिप्पणी के लिए 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है।
Recommended Video

आपको बता दें कि मुस्लिम यूनिवर्सिटी वाले बयान पर अकील अहमद और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत दोनों आमने-सामने थे, दरअसल कांग्रेस की हार के बड़े कारणों में राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत ने मुस्लिम विवि वाला बयान गिनाया था। जिस पर भड़कते हुए अकील अहमद ने मीडिया में बयान दिया था कि मुस्लिम यूनिवर्सिटी वाला बयान उन्होंने ही दिया था और वो इससे पीछे भी नहीं हट रहे हैं।
अब वे खुद यूनिवर्सिटी बनाने के लिए कोशिश करेंगे,जब उनसे सवाल किया गया कि क्या कांग्रेस पार्टी इसी मुद्दे की वजह से चुनाव हारी तो उन्होंने कहा कि क्या कांग्रेस पार्टी जो दूसरे चार राज्यों में चुनाव हारी है वहां भी मुस्लिम यूनिवर्सिटी का मुद्दा था?
'रावत अपनी नाकामी का ठीकरा मेरे सिर फोड़ रहे हैं'
उन्होंने रावत पर बेवजह बातों को तूल देने का और उनके खिलाफ गलत बातें फैलाने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा कि 'रावत अपनी नाकामी का ठीकरा मेरे सिर फोड़ रहे हैं।' उनके इस बयान के चंद घंटे के बाद ही उन्हें पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया गया है। आपको बता दें कि विधानसभा चुनाव के दौरान मुस्लिम यूनिवर्सिटी बनाने का बयान का सामने आया था जिसको भाजपा ने चुनावी मुद्दा बनाया और वो अपनी बात जनता तक पहुंचाने में सफल भी रही।












Click it and Unblock the Notifications