उत्तराखंड में 2027 चुनाव से पहले सियासी सरगर्मी तेज, कांग्रेस ने लोकभवन घेराव कूच कर दिया ये बड़ा संदेश
Uttarakhand Congress उत्तराखंड में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले ही सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। भाजपा, कांग्रेस दोनों ही अपनी अपनी रणनीति के तहत कार्यक्रमों में जुट गई है। इस बीच कांग्रेस ने महिला अपराध, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, ध्वस्त कानून व्यवस्था, महंगाई व जंगली जानवरों के हमलों के खिलाफ विशाल रैली का आयोजन किया।
रैली में कांग्रेस के सभी सीनियर नेता एकजुट नजर आए। कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने लोकभवन घेराव कूच किया। इस दौरान पुलिस ने बैरिकेडिंग कर कार्यकर्ताओं को रोकने का काम किया। जिसमें पुलिस के साथ धक्का मुक्की भी की गई।

पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के नेतृत्व में कार्यकर्ता प्रदेश में महिला अपराध, बेरोजगारी, महंगाई, कानून व्यवस्था, भ्रष्टाचार, जंगली जानवरों के हमले, पलायन, आपदा प्रभावितों को राहत व मुआवजा, बदहाल स्वास्थ्य सेवाएं, किसानों को फसल का नुकसान होने पर मुआवजा न मिलने समेत अन्य मुद्दों पर लोकभवन का घेराव करने पहुंचे। पार्टी के सभी नेता व कार्यकर्ता परेड ग्राउंड में एकत्रित हुए, जहां से लोकभवन घेराव के लिए कूच करने निकले।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता जिस उत्साह से हजारों की संख्या में भाजपा सरकार की जन विरोधी नीतियों का विरोध करने के लिए देहरादून के परेड ग्राउंड में एकजुट हुए उससे आने वाले समय में पार्टी संगठन को निश्चित रूप से मजबूती मिलेगी तथा हम और अधिक ताकत से भाजपा सरकारों की जन विरोधी नीतियों तथा अलोकतांत्रिक हिटलरशाही का जवाब देने के लिए तत्पर रहेंगे।
गणेश गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रदेश के कोने-कोने से हजारों की सुख्या में पहुंचकर ऐतिहासिक राजभवन घेराव कर भाजपा सरकार की जड़ों को हिलाने का काम कर दिया है और आने वाले 2027 के विधानसभा चुनाव में निश्चित रूप से इसका लाभ कांग्रेस पार्टी को मिलेगा और जनता भाजपा सरकार की तानाशाही, जनविरोधी नीतियों और कुशासन से निजात पायेगी।
कांग्रेस की प्रस्तावित रैली में भारी संख्या में भीड़ उमड़ी। लोकभवन घेराव कूच से पहले प्रदेश प्रभारी शैलजा सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता एक साथ मंच पर दिखे। रैली में प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व सीएम हरीश रावत, कांग्रेस चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ.हरक सिंह रावत, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा समेत पार्टी के सभी वरिष्ठ नेता व कार्यकर्ता राज्य सरकार के खिलाफ जमकर हमलावर नजर आए।












Click it and Unblock the Notifications