PM मोदी ने तीसरी बार प्रधानमंत्री के रूप में ली शपथ, सीएम धामी ने दी बधाई और शुभकामनाएं
Uttarakhand News: नरेंद्र मोदी ने लगातार तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री पद की शपथ ले ली है। नरेंद्र मोदी के तीसरी बार शपथ लेने पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हार्दिक बधाई एवं उज्जवल कार्यकाल हेतु अनंत शुभकामनाएं दी।
उत्तराखंड सीएम पुष्कर सिंह धामी ने रविवार 09 जून को अपने एक्स हैंडल पर लिखा, विकास का नया अध्याय लिखने को तैयार भारत ! विश्व के सर्वाधिक लोकप्रिय नेता, सशक्त, सक्षम व शक्तिशाली भारत के शिल्पकार, राष्ट्रऋषि यशस्वी प्रधानमंत्री नरेद्र मोद जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री के रूप में शपथ लेने पर हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल कार्यकाल हेतु अनंत शुभकामनाएं !

सीएम धामी ने आगे लिखा कि मुझे पूर्ण विश्वास है कि माननीय प्रधानमंत्री जी का तीसरा कार्यकाल 'विकसित भारत' के निर्माण की दिशा में मज़बूती से आगे बढ़ने वाला स्वर्णिम काल होगा। निश्चित रूप से मोदी जी के सशक्त नेतृत्व में देश विश्व की तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक शक्ति बन कर उभरेगा और देशवासियों की आशाओं व आकांक्षाओं को पूर्ण करने में सहायक सिद्ध होगा।
आपको बता दें कि मोदी सरकार 3.0 का शपथ ग्रहण समारोह शाम 7.15 बजे राष्ट्रपति भवन में शुरू हुआ। नरेंद्र मोदी ने तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली। उनके साथ कैबिनेट में शामिल होने वाले मंत्रियों ने भी पद और गोपनीयता की शपथ ली। शपथ ग्रहण कार्यक्रम में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को आमंत्रित किया गया था और वे समारोह में शामिल हुए।
भारत के पड़ोसी देशों के नेता भी इस समारोह में शामिल हुए। मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू, श्रीलंका के राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे और सेशेल्स के उपराष्ट्रपति अहमद अफीफ भी मौजूद थे। अन्य उपस्थित लोगों में मॉरीशस के प्रधानमंत्री प्रविंद कुमार जगन्नाथ, बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना और नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल 'प्रचंड' शामिल थे। भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे ने भी समारोह में भाग लिया।












Click it and Unblock the Notifications