संपत्ति में टॉप 5 और आपराधिक मामलों में टॉप 20 में उत्तराखंड के ये उम्मीदवार, प्रत्याशियों का लेखा-जोखा
19 अप्रैल को उत्तराखंड की जनता अपना सांसद चुनने जा रहे हैं। उत्तराखंड में 55 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। एडीआर यानी एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स ने लोकसभा चुनाव के पहले चरण में 102 लोकसभा सीटों में लड़ रहे 1,625 प्रत्याशियों की संपत्ति से लेकर आपराधिक पूरा लेखा जोखा पेश किया है।

एडीआर की रिपोर्ट के अनुसार टिहरी से भाजपा प्रत्याशी माला राज्य लक्ष्मी शाह संपत्ति के मामले में पूरे देश में टॉप 5 में हैं। जबकि आपराधिक मामलों में टिहरी से ही निर्दलीय बॉबी पंवार टॉप 20 में हैं। टिहरी लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी माला राज लक्ष्मी शाह संपत्ति के मामले में चौथे पायदान पर हैं।
हरिद्वार लोकसभा सीट से निर्दलीय प्रत्याशी उमेश शर्मा संपत्ति के मामले में 21वें पायदान पर हैं। निर्दलीय प्रत्याशी करण सिंह सैनी 90वें पायदान, कांग्रेस प्रत्याशी वीरेंद्र रावत 106वें पायदान जबकि भाजपा प्रत्याशी त्रिवेंद्र सिंह रावत सर्वाधिक संपत्ति के मामले में 155वें पायदान पर हैं। गढ़वाल लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी गणेश गोदियाल सर्वाधिक संपत्ति के मामले में 181वें पायदान पर हैं।
नैनीताल- उधमसिंह नगर सीट से भाजपा प्रत्याशी अजय भट्ट 200वें पायदान, गढ़वाल लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी अनिल बलूनी 224वें पायदान, टिहरी लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी जोत सिंह गुनसोला 240वें पायदान, नैनीताल- उधमसिंह नगर सीट से कांग्रेस प्रत्याशी प्रकाश जोशी 307वें पायदान, अल्मोड़ा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी प्रदीप टम्टा 374वें पायदान, अल्मोड़ा लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी अजय टम्टा 404वें पायदान पर और टिहरी लोकसभा सीट से निर्दलीय प्रत्याशी बॉबी पंवार संपत्ति के मामले में 1,416वें स्थान पर हैं।
टिहरी लोकसभा सीट से निर्दलीय प्रत्याशी बॉबी पंवार उत्तराखंड के कुल 55 प्रत्याशियों में से आपराधिक मामले में पहले स्थान पर हैं। देश के 1,618 प्रत्याशियों में 19वें पायदान पर हैं। बॉबी पंवार पर कुल 8 आपराधिक मामले चल रहे हैं। गढ़वाल लोकसभा सीट से उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) के प्रत्याशी आशुतोष सिंह, प्रदेश के सभी प्रत्याशियों में से आपराधिक मामले में दूसरे पायदान पर हैं।
साथ ही देश में अपराधिक मामले वाले प्रत्याशियों में 25वें पायदान पर हैं। आशुतोष सिंह पर कुल 7 मामले दर्ज हैं। गढ़वाल लोकसभा सीट से बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) के प्रत्याशी धीर सिंह आपराधिक मामलों में उत्तराखंड राज्य के सभी प्रत्याशियों में तीसरे पायदान पर हैं। साथ ही देश में अपराधिक मामले वाले प्रत्याशियों में 37वें पायदान पर हैं. धीर सिंह पर कुल पांच मामले दर्ज हैं।












Click it and Unblock the Notifications