Uttarakhand: होली के बाद भाजपा के चुनावी प्रचार में आएगी तेजी, PM मोदी, अमित शाह समेत संभालेंगे कमान
Uttrakhand News: लोकसभा चुनाव के नज़रिये से भारतीय जनता पार्टी ने देवभूमि उत्तराखंड में स्टार वार को लेकर कसरत शुरू कर दी है। होली के पर्व के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित अन्य राष्ट्रीय नेता ताबड़तोड़ चुनावी रैलियां करेंगे।

उत्तराखंड भाजपा के नेताओं ने प्रधानमंत्री समेत इन नेताओं की प्रदेश में सभाओं के सिलसिले में केंद्रीय नेतृत्व से आग्रह करने का निर्णय किया है। इसके अलावा राज्य स्तर पर सीएम पुष्कर सिंह धामी समेत अन्य नेताओं की सूची भी बतौर स्टार प्रचारक तय की जा रही है।बीजेपी के प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी के मुताबिक , राज्य में प्रधानमंत्री समेत अन्य केंद्रीय नेताओं के कार्यक्रमों के संबंध में पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व से आग्रह किया जा रहा है। वहां से हरी झंडी मिलने के बाद ही इस बारे में स्थिति साफ़ हो पाएगी।
बताया जा रहा है कि पीएम नरेन्द्र मोदी का उत्तराखंड से विशेष लगाव और राज्य में उनकी लोकप्रियता को देखते हुए प्रदेश बीजेपी चाहती है कि लोकसभा चुनाव में उनके अधिक से अधिक कार्यक्रम लिए जाएं। इस सबको देखते हुए प्रदेश भारतीय जनता पार्टी इन दिनों कसरत में जुटी है।
सूत्रों के मुताबिक , स्टार प्रचारकों को लेकर एक दौर की बैठक हो चुकी है। इसमें प्रधानमंत्री की उत्तराखंड में दो से तीन सभाओं की आवश्यकता बताई गई। साथ ही केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की तीन, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की चार, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की 5 , भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की चार, केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और सांसद हेमा मालिनी की तीन-तीन सभाएं नियमित गैप में कराने पर भी जोर दिया गया।
सूत्रों ने जानकारी दी कि प्रदेश भाजपा की ओर से इन नेताओं के राज्य को कार्यक्रम देने के सिलसिले में पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व को जल्द ही आग्रह पत्र भेजा जाएगा। इसके अलावा उत्तराखंड स्तर पर भी पार्टी स्टार प्रचारकों की सूची पर मंथन कर रही है। इसमें सीएम पुष्कर सिंह धामी और उनके मंत्रिमंडल के सभी सदस्य, पूर्व मुख्यमंत्री एवं पार्टी के सीनियर नेताओं को शामिल किया जाएगा। होली के बाद सभाओं का क्रम आरंभ किया जाएगा। लोकसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने इस बार छोटी-छोटी सभाओं के आयोजन का भी निश्चय किया है। इनमें केंद्रीय और राज्य स्तर के नेताओं के कार्यक्रमों की रूपरेखा भी तय की जाएगी।
यह भी पढ़ें उत्तराखंड से अब तक की सबसे बड़ी खबर, कांग्रेस को लगा बड़ा झटका, विधायक ने दिया इस्तीफा












Click it and Unblock the Notifications