UK NEWS: जानिए कौन हैं गणेश गोदियाल, कांग्रेस ने सौंपी फिर से प्रदेश की कमान, प्रीतम-हरक को भी अहम जिम्मेदारी
UK NEWS: उत्तराखंड में कांग्रेस ने मिशन 2027 के लिए अपनी नई टीम का ऐलान कर दिया है। सबसे बड़ा फेरबदल प्रदेश अध्यक्ष की कुर्सी पर देखने को मिला है। हाईकमान ने गणेश गोदियाल को फिर से प्रदेश कांग्रेस कमेटी का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। कांग्रेस महासचिव के सी वेणुगोपाल ने नियुक्ति के आदेश जारी कर दिए हैं।
गणेश गोदियाल के अलावा प्रीतम सिंह को प्रचार समिति का अध्यक्ष और डॉ. हरक सिंह रावत को चुनाव प्रबंधन समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। निवर्तमान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करण माहरा को कांग्रेस कार्यसमिति में विशेष आमंत्रित सदस्य भी नियुक्त किया है। गोदियाल को दूसरी बार प्रदेश कांग्रेस का अध्यक्ष बनाया गया है।

इससे पहले वह 22 जुलाई 2021 से 10 अप्रैल 2022 तक यह दायित्व निभा चुके हैं। गणेश गोदियाल के नेतृत्व मेंं पार्टी ने 2022 का विधानसभा चुनाव लड़ा था। पार्टी सत्ता में नहीं आई तो गणेश गोदियाल ने इस्तीफा दे दिया। इसके बाद गोदियाल ने 2024 में गढ़वाल सीट से लोकसभा चुनाव लड़ा, जिसमें उन्होंने भाजपा को कड़ी टक्कर दी।
गोदियाल लगातार प्रदेश के मुद्दों पर आक्रामक रहते हैं। जिससे भाजपा के लिए सबसे बड़ी चुनौती के तौर पर देखा जा रहा है। अब एक बार फिर गोदियाल चुनाव में भाजपा को चुनौती देने के लिए तैयार हैं। जिसमें प्रीतम सिंह और हरक सिंह की जोड़ी भी आमना सामना करने के लिए खड़ी रहने वाली है। माना जा रहा है कि कांग्रेस की इस नई टीम के पीछे दिग्गज नेता हरीश रावत की भी रणनीति मानी जा रही है।
बता दें कि हरीश रावत ने कुछ ही दिन पहले ब्राह्रमण कार्ड पर दांव खेला था। जिसके बाद से कांग्रेस में इसको लेकर कई तरह की चर्चा भी हुई। माना जा रहा है कि हरदा गोदियाल को ही कमान दिलाना चाह रहे थे। अब 2027 के मैदान में गोदियाल को कांग्रेस के अध्यक्ष की कमान सौंपी गई है।
साथ ही हरदा ने प्रीतम सिंह को भी प्रचार समिति में अहम जिम्मेदारी दिलाने में अहम भूमिका निभाई है। हरक सिंह को बीते कुछ समय से भाजपा पर जमकर हमला करने का ईनाम दिया गया है। वो चुनाव का प्रबंध देखेंगे। कांग्रेस की नई टीम में ब्राह्रमण, क्षत्रिय और जौनसार का संतुलन रखा गया है। जो कि तीनों गढ़वाल से हैं। जबकि नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य कुमांउ के दलित चेहरे हैं। इस तरह से कांग्रेस ने पूरा संतुलन बैठाने की कोशिश की है।












Click it and Unblock the Notifications