देहरादून से दिल्ली समेत मैदानी रूट पर सफर हुआ महंगा, जानिए रोडवेज का किराया क्यों बढ़ा
मैदानी रूट पर 10 से 20 रुपए तक का किराया बढ़ाया गया
देहरादून, 9 अप्रैल। महंगाई की मार झेल रही जनता को एक ओर झटका लगा है। उत्तराखंड में अब रोडवेज का सफर भी महंगा हो गया है। जो कि टोल टैक्स में बढ़ोत्तरी के चलते हुआ है। देहरादून से मैदानी रूट पर 10 से 20 रुपए तक का किराया बढ़ाया गया है। इसमें सबसे ज्यादा प्रभावित वे लोग होंगे जो देहरादून से दिल्ली या अन्य रूट पर रोडवेज से सफर करते हैं।

देहरादून से दिल्ली वॉल्वो बस और साधारण बस का किराया 10 रुपए महंगा
रोडवेज से मिली जानकारी के अनुसार टोल की दरों में बढ़ोत्तरी होने से देहरादून से दिल्ली, हरिद्वार समेत मैदानी इलाकों के लिए किराए में बढोत्तरी हो गई है। देहरादून से दिल्ली वॉल्वो बस और साधारण बस का किराया 10 रुपए महंगा हो गया है। जबकि जनरथ बस का किराया 5 रुपए बढ़ाया गया है। इसी तरह देहरादून से हरिद्वार के लिए किराया अब 5 रुपए ज्यादा देना होगा। देहरादून से गुरुग्राम, फरीदाबाद, चंडीगढ आदि शहरों के किराये में भी 10 से 20 रुपए तक वृद्धि हो गया है। नेशनल हाईवे अथॉरिटी आफ इंडिया ने टोल की दरों में एक अप्रैल से 10 से 15 फीसदी की बढ़ोत्तरी कर दी है। जिस वजह से रोडवेज पर अधिभार पड़ रहा है। अभी परिवहन विभाग ने किराया सिर्फ टोल का बढ़ाया है। जबकि बस का किराया अभी निर्धारित होना बाकि है। किराया बढ़ने का प्रस्ताव अब भी राज्य परिवहन प्राधिकरण के पास है। टोल प्लाजा व डीजल के दाम बढ़ने से यूपी रोडवेज ने किराया 2 से 5 रुपए तक की वृद्धि् की है। आम आदमी को पिछले कई समय से महंगाई की मार झेलनी पड़ रही है। गैस सिलेंडर से पेट्रोल-डीजल के दामों में हुई बढोत्तरी से हर सामान महंगा होता जा रहा है। इस वजह से सफर भी महंगा हो रहा है। सब्जी और फलों के दाम पहले ही आसमान छू रहे हैं। ऐसे में टोल टैक्स बढ़ने से एक बार फिर आम आदमी की जेब पर भारी बोझ पड़ने जा रहा है।
कहां कितना पड़ रहा किराया
देहरादून से दिल्ली का किराया साधारण बस में पुराना 350 रुपए था जो अब बढ़कर 360 रुपए हो गया है। जनरथ एसी बस में 494 रुपए से बढ़कर 500 रुपए हो गया है वहीं वोल्वो बस में 799 से 809 रुपए पहुंच गया है। देहरादून से हल्द्वानी साधारण बस का किराया पहले 435 रुपए था जो अब 445 रुपए हो गया है। इसी तरह देहरादून से हरिद्वार का साधारण बस का किराया 95 रुपए से बढ़कर 100 रुपए और दून से सहारनपुर का किराया 95 से 100 रुपए हो गया है। दून से लखनऊ और कानपुर में किराया 20 रुपए बढ गया है। पहले ये किराया 705 रुपए था जो अब 725 रुपए कर दिया गया है। इसी मार्ग पर मुरादाबाद बरेली का किराया भी बढ़ा है। राहत की खबर ये है कि अंबाला और से चंडीगढ़ का किराया नहीं बढ़ा है। जिसका कारण इस रूट पर टोल न होना है।












Click it and Unblock the Notifications