पीएम मोदी और हरक सिंह की इस फोटो ने बढ़ाया उत्तराखंड का सियासी पारा, समझिए पूरी कहानी
पीएम मोदी और हरक सिंह की फोटो पर राजनीति
देहरादून, 8 अक्टूबर। उत्तराखंड के कद्दावर नेता कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत सबसे ज्यादा खबरों में रहते हैं। कभी विवादित बयान तो कभी वायरल वीडियो। इस बार भी हरक सिंह रावत एक फोटो को लेकर जबरदस्त ट्रोल हो रहे हैं। वह है प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तराखंड दौरे की। इस फोटो में हरक सिंह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ नजर आ रहे हैं। जिसमें प्रधानमंत्री हरक सिंह से बातचीत करते हुए उनके कंधे पर हाथ रखे हुए नजर आ रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि पीएम ने हरक सिंह को यह कहकर पुकारा कि और हरक जी कैसी चल रही आपकी हनक?

हैलीपेड की फोटो वायरल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को उत्तराखंड के ऋषिकेश स्थित एम्स में आॅक्सीजन प्लांट के लोकार्पण कार्यक्रम में पहुंचे थे। इस दौरान हैलीपैड में राज्यपाल, मुख्यमंत्री समेत भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने उनका स्वागत किया। इस दौरान कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के बाद जब मीडिया में तस्वीरें वायरल हुई तो सबसे ज्यादा चर्चा हरक और पीएम मोदी की एक तस्वीर की हुई। इस तस्वीर में पीएम मोदी हरक के कंधे पर हाथ रखकर बात करते हुए नजर आए। दावा किया जा रहा है कि पीएम ने हरक सिंह को पूछा कि हरक सिंह जी कैसी चल रही है हनक। मीडिया में इस बात की पुष्टि भी की गई कि भाजपा नेताओं ने भी यह स्वीकारा है कि हरक सिंह और मोदी के बीच ये बातचीत हुई है।

हरीश रावत ने कसा तंज
उत्तराखंड में हरक सिंह रावत को लेकर कोई मीडिया में चर्चा हो और उस पर राजनीति न हो। ये भी संभव नहीं है। खासकर सोशल मीडिया में सबसे ज्यादा एक्टिव रहने वाले कांग्रेस के पूर्व सीएम हरीश रावत भी कोई मौका नहीं छोड़ते हैं। हरीश रावत ने इस फोटो पर तुरंत तंज कसा। हरीश रावत ने लिखा कि एक मंत्री को हनक_सिंह कहकर के पीएम कई मंत्रियों को चक्कर में जरूर डाल गये कि हनक शब्द तारीफ है या कुछ और संकेत। साफ है कि हरीश रावत ने एक बार फिर हरक सिंह को निशाने पर लिया है। हरीश रावत जब मुख्यमंत्री थे तब भी उनकी सरकार को गिराने और कांग्रेस में बगावत करने वालों में हरक सिंह सबसे पहला नाम था। जिन्होंने बगावत करने वाले विधायकों का नेतृत्व किया। हरक सिंह और हरीश रावत के बीच भी हमेशा जुबानी जंग जारी रहती है।

हमेशा खबरों में रहते हैं हरक सिंह
उत्तराखंड में हरक सिंह रावत ऐसे कद्दावर नेताओं में शामिल हैं जो कि किसी भी तरक के बयानबाजी से नहीं डरते हैं। कांग्रेस में रहें हो या भाजपा में। हरक सिंह रावत ने अपनी राजनीति हमेशा अपने तरीके से की है। इतना ही नहीं हरक सिंह उत्तराखंड राजनीति के सबसे बड़ा मास्टर खिलाड़ी कहे जाते हैं। जो कि अपने मनपंसद फैसले लेने और किसी भी तरह के निर्णय लेने में नहीं चूकते हैं। इस कारण कई बार वे विवादों में भी घिर जाते हैं। इतना ही नहीं हरक सिंह बेवाक नेता हैं। जो कि लगातार बयानबाजी करते रहते हैं। कई बार वे अपने ही दलों के नेताओं को लेकर खुलकर बयान देते हैं। बीते दिनों उन्होंने पूर्व सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत के खिलाफ मोर्चा खोला था, जब उन्होंने त्रिवेंद्र को ढेंचा प्रकरण को लेकर कई विवादित बयान भी दिए। इतना ही नहीं हाल ही में एक कार्यक्रम में हरक सिंह का वीडियो वायरल हुआ जिसमें उत्तराखंड के मुख्यमंत्रियों के लिए नालायक शब्द का इस्तेमाल हुआ था। इसके बाद भी भाजपा हाईकमान से लेकर प्रदेश स्तर के नेताओं ने इसका संज्ञान लिया था।












Click it and Unblock the Notifications