उत्तराखंड में गुलदार का आतंक, गांव से लेकर कस्बों तक नजर आ रहा खौफ, वन विभाग की उड़ाई नींद
पहाड़ों में गुलदार का आतंक, आए दिन सामने आ रही घटनाएं
देहरादून, 20 जुलाई। उत्तराखंड में लगातार जंगली जानवरों का खौफ बढ़ता जा रहा है। प्रदेश के कई इलाकों से जंगली जानवरों की कस्बों में आने या फिर हमला करने की घटना से वन विभाग की नींद भी उड़ी हुई है। मंगलवार को प्रदेशभर से 2 बड़ी घटनाएं सामने आई। पहली श्रीनगर में श्रीकोट स्थित बहुउद्देश्यीय पार्क के बाथरूम में गुलदार घुसने से हड़कंप मच गया। जिसे वन विभाग की टीम ने रेस्क्यू किया। दूसरी घटना कोटद्वार की है जहां दुगड्डा गोदी गांव में गुलदार ने एक महिला पर हमला कर दिया। इस दौरान महिला की मौके पर ही मौत हो गई। रिहायशी इलाकों में भी गुलदार के आतंक से खौफ बढ़ गया है।

सुबह जब बाथरूम के अंदर दिखा गुलदार
श्रीनगर में श्रीकोट स्थित बहुउद्देश्यीय पार्क में सुबह सुबह हड़कंप मच गया। जब स्थानीय युवक जो बहुउद्देश्यीय पार्क में खेलने गए थे उसी दौरान करीब आठ बजे एक शौच के लिए गया तो दरवाजा खोलते ही अंदर बैठा गुलदार देख उसने शोर मचा दिया। तुरंत बाथरूम का दरवाजा बंद किया गया। वन विभाग को इसकी सूचना दी गई। सूचना मिलने पर पहुंची टीम ने गुलदार को पिजरें में कैद किया। श्रीनगर में गुलदार के भवनों के अंदर घुसने की यह दूसरी घटना है। बीते पांच जुलाई को अलकनंदा विहार में भी गुलदार का शावक घर में घुस गया था। उसे भी वन विभाग पकड़ कर ले गया था।
बच्चे को स्कूल छोड़ने गई महिला पर हमला, मौके पर मौत
उत्तराखंड में कोटद्वार के दुगड्डा गोदी गांव में मंगलवार सुबह गुलदार ने एक महिला पर हमला कर दिया। इस दौरान महिला की मौके पर ही मौत हो गई। महिला 39 वर्षीय रीना देवी सुबह बच्चे को स्कूल छोड़कर वापस लौट रही थी। इस दौरान रास्ते में घात लगाए बैठे गुलदार ने महिला पर हमला कर दिया। महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इसके अलावा विकास खंड खिर्सू के बुआखाल- खिर्सू मोटर मार्ग पर गोडख्याखाल के समीप गुलदार ने एक ग्रामीण पर हमला कर उसे घायल कर दिया। घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खिर्सू में भर्ती कराया गया है। जखोली ब्लॉक के बड़मा पट्टी के बष्टा गांव में बीते 13 जुलाई को आठ वर्षीय बच्चे को भी एक गुलदार ने अपना निवाला बनाया था जो कि अभी पकड़ से बाहर है। गुलदार की अब ड्रोन से निगरानी की जा रही है।
रिहायशी इलाकों में बढ़ रहे मामले
जंगली जानवरों के खौफ को लेकर आए दिन सोशल मीडिया में भी कई खबरें सामने आ रही हैं। सोमवार को भी दो ऐसे मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें गुलदार के रिहायशी इलाके में होने के दावे किए जा रहे हैं। एक मामला हरिद्वार का बताया गया जहां गुलदार ने रिहायशी इलाके में कुत्ते को अपना शिकार बनाने का प्रयास किया यह घटना सोशल मीडिया में भी वायरल हुई जिसका सीसीटीवी फुटेज भी सामने आ चुका हैं। वहीं कोटद्वार में गुलदार स्कूल के मुख्य मार्ग पर घूमता हुआ दिखने का दावा किया गया है। रिहायशी इलाकों में गुलदार के आने की खबरों पर पहले भी वाइल्ड लाइफ से जुड़े वैज्ञानिक चिंता जता चुके हैं। इससे जानवरों को भी मारने और खत्म होने का संभावना बढ जाती है।












Click it and Unblock the Notifications