टिहरी सीट: भाजपा के राजपरिवार के सामने कांग्रेस के पूर्व विधायक,क्या खत्म होगा राजशाही का तिलिस्म
उत्तराखंड में टिहरी सीट का रण सज चुका है। भाजपा ने राज परिवार पर फिर से भरोसा जताया है। माला राज्य लक्ष्मी शाह चौथी बार मैदान में है। जबकि कांग्रेस ने मसूरी नगर पालिका परिषद के दो बार अध्यक्ष और मसूरी से दो बार के विधायक जोत सिंह गुनसोला पर दांव खेला है। इस तरह से राज परिवार के सामने कांग्रेस ने दिग्गज कांग्रेसी और पूर्व विधायक को उतारा है।

कौन है माला राज्य लक्ष्मी शाह
काठमांडू में जन्मी माला राज्य लक्ष्मी शाह का जन्म 23 अगस्त 1950 को हुआ था। 73 वर्षीय माला राज्यलक्ष्मी शाह चौथी बार सांसद का चुनाव लड़ने जा रही है।उत्तराखंड की टिहरी लोकसभा सीट कई मायनों में खास है। इस सीट पर अब तक हुए 17 लोकसभा चुनावों में 11 बार राजशाही परिवार का कब्जा रहा। 1952 में पहली बार में इस सीट पर राज परिवार की कमलेंदुमति शाह निर्दलीय चुनाव जीती थीं।
उनके बाद कांग्रेस से मानवेंद्र शाह ने 1957, 1962 और 1967 के लोकसभा चुनावों में विजयी रहे। 1991 से 2004 तक हुए पांच आम चुनावों में मानवेंद्र शाह भाजपा से लगातार चुनाव जीते। इस सीट पर आठ बार चुनाव जीतने का रिकॉर्ड भी राजशाही परिवार के मानवेंद्र शाह के नाम है। 2012 में टिहरी लोस सीट पर हुए उपचुनाव में पहली बार माला राज्यलक्ष्मी भाजपा से उम्मीदवार बनाई गईं और निर्वाचित हुईं। इसके बाद पार्टी ने उन्हें 2014 और फिर 2019 में उम्मीदवार बनाया। दोनों चुनाव में वह विजयी रहीं।
कौन हैं जोत सिंह गुनसोला
जबकि कांग्रेस ने जोत सिंह गुनसोला को प्रत्याशी बनाकर बड़ा दांव खेला है। गुनसोला मसूरी विधानसभा सीट से दो बार विधायक रह चुके हैं। मूल रूप से टिहरी जिले की प्रतापनगर तहसील के ग्राम म्यूंडा धारमंडल निवासी गुनसोला को अपने सरल व्यवहार और स्वच्छ छवि के लिए जाना जाता है। वह मसूरी नगर पालिका परिषद के दो बार अध्यक्ष रह चुके हैं। गुनसोला को पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरीश रावत का करीबी माना जाता है। वह क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के अध्यक्ष भी रह चुके हैं।
अब तक सांसद
- 1952- कमलेंदुमति शाह स्वतंत्र
- 1957, 1962, 1967 -मानवेन्द्र शाह ,भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस
- 1971 -परिपूर्णानन्द पैन्यूली, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस
- 1977, 1980- त्रेपन सिंह नेगी, जनता पार्टी
- 1984, 1989 -ब्रह्म दत्त,भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस
- 1991 1996, 1998,1999, 2004- मानवेन्द्र शाह भारतीय जनता पार्टी
- 2007- उपचुनाव विजय बहुगुणा भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस
- 2009- विजय बहुगुणा
- 2012- उपचुनाव माला राज्य लक्ष्मी शाह, भारतीय जनता पार्टी
- 2014, 2019-माला राज्य लक्ष्मी शाह
टिहरी लोकसभा सीट 14 विधानसभा सीटें टिहरी, उत्तरकाशी और देहरादून जिले के एक बड़े हिस्से देहरादून -चकराता, कैंट और मसूरी, रायपुर, राजपुर रोड, सहसपुर, विकासनगर सीट शामिल। टिहरी -टिहरी, धनौल्टी, घनसाली, प्रतापनगर विस सीट। उत्तरकाशी- गंगोत्री, यमुनोत्री और पुरोला विस सीट।












Click it and Unblock the Notifications