उत्तराखंड के 25 साल पूरे होने पर रजत जयंती उत्सव, पीएम मोदी का प्रस्तावित कार्यक्रम, जानिए क्या रहेगा खास
उत्तराखंड के 25 साल पूरे होने पर रजत जयंती मनाई जा रही है। आगामी 1 से 9 नवंबर तक कार्यक्रम आयोजित हो रहे हैं। 3 और 4 नवंबर को विधानसभा का विशेष सत्र होगा। जिसमें राष्ट्रपति द्रौपदी मूर्मु संबोधित करेंगी। इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी प्रस्तावित कार्यक्रम बताया जा रहा है।
जिसमें सैन्य धाम का उद्घाटन होना है। प्रधानमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर आयुक्त गढ़वाल के साथ अन्य अधिकारियों ने एफआरआई का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उधर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की प्रस्तावित दून यात्रा को लेकर राष्ट्रपति सचिवालय के अतिरिक्त सचिव डॉ. राकेश गुप्ता ने देहरादून में अधिकारियों की बैठक ली।

इस वर्ष राज्य स्थापना दिवस रजत जयंती उत्सव में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का भी कार्यक्रम प्रस्तावित है। यह पहला अवसर है, जब देश के प्रधानमंत्री इस महत्वपूर्ण आयोजन में राज्य वासियों का उत्साहवर्धन करेंगे। जिसको देखते हुए अधिकारियों द्वारा आयोजन स्थल एफआरआई का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। सभी अधिकारियों द्वारा इस महत्वपूर्ण आयोजन को व्यवस्थित ढंग से आयोजित किये जाने के लिये हर प्रकार की व्यवस्था सही ढंग से समय पर पूर्ण किये जाने पर भी विचार-विमर्श किया गया।
आयुक्त गढ़वाल विनय शंकर पाण्डे द्वारा जिलाधिकारी सहित सभी विभागीय उच्चाधिकारियों का इस आयोजन को यादगार बनाये जाने के लिये आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिये गए। आयुक्त गढ़वाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का उत्तराखण्ड़ से लगाव किसी से छिपा नहीं है। उत्तराखण्ड़ के विकास के प्रति प्रधानमंत्री का दृष्टिकोण भी जग जाहिर है। राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित इस महत्वपूर्ण आयोजन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की उपस्थिति निश्चित रूप से राज्य वासियों के लिए सम्मान की बात है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की प्रस्तावित दून यात्रा को लेकर राष्ट्रपति सचिवालय के अतिरिक्त सचिव डॉ. राकेश गुप्ता ने देहरादून में अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में डॉ. गुप्ता ने राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे को लेकर की जा रही तैयारियां की समीक्षा करते हुए कहा कि राष्ट्रपति की परिसंपत्तियों के अंतर्गत देहरादून में बनाए जा रहे राष्ट्रपति उद्यान सहित अन्य निर्माणाधीन कार्यों को तय समय में पूरा किया जाय।
राष्ट्रपति संपदाओं को "राष्ट्र का भवन" बनाने की महत्वपूर्ण पहल के चलते देहरादून में राष्ट्रपति निकेतन एवं राष्ट्रपति तपोवन की स्थापना के बाद राष्ट्रपति उद्यान के निर्माण की महत्वपूर्ण परियोजना का कार्य तेजी से जारी है। 132 एकड़ के विशाल क्षेत्रफल में बन रहा राष्ट्रपति उद्यान के कार्यों को अगले वर्ष तक पूरा करने का लक्ष्य है।












Click it and Unblock the Notifications